पलारी। बलौदाबाजर जिले के पलारी शहर में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने बीते रात थाना पलारी पुलिस द्वारा विशेष विजिबल पुलिसिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा के दिशा-निर्देशन में पलारी नगर के विभिन्न चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले, संवेदनशील इलाकों में पैदल पेट्रोलिंग (फ्लैग मार्च) की गई। पैदल पेट्रोलिंग का नेतृत्व स्वयं थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने किया। उनके साथ भारी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे। मुख्य बाजार और संवेदनशील इलाकों का जायजा लिया गया।
पुलिस ने नगर मोहल्लों का किया भ्रमण
पुलिस बल ने नगर के मुख्य मार्गों, हृदय स्थल, बस स्टैंड, व्यावसायिक क्षेत्रों और अंदरूनी मोहल्लों में पैदल भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस टीम ने, संदिग्ध रूप से घूमने वाले तत्वों से पूछताछ कर उन्हें कड़ी चेतावनी दी। देर रात तक बिना वजह सड़कों पर मजमा लगाने वालों को हटाया। यातायात व्यवस्था को बाधित करने वाले वाहनों और दुकानदारों को समझाइश दी गई।
संदिग्ध गतिविधियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
पेट्रोलिंग के दौरान थाना प्रभारी पलारी ने स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों से सीधा संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि विजिबल पुलिसिंग का मुख्य उद्देश्य अपराधियों में खौफ पैदा करना और आम जनता के भीतर सुरक्षा का भाव जगाना है। यदि नगर में कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति नजर आए तो तत्काल पलारी पुलिस को इसकी सूचना दें। रात्रि के समय भारी पुलिस बल के साथ थाना प्रभारी को स्वयं सड़कों पर मुस्तैद देखकर नगरवासियों और व्यापारियों द्वारा पुलिस बल की प्रशंसा किया गया।






