दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार 25 मार्च को दिल्ली सरकार का 1 लाख करोड़ रुपए का बजट पेश किया। बजट भाषण के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 4 बार शायरी पढ़ी। मुख्यमंत्री ने कहा –
लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती
कोशिश करने वालों की हार नहीं होती।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट में आयुष्मान योजना के लिए 2144 हजार करोड़ का प्रावधान रखा है। महिला समृद्धि योजना के लिए 5100 करोड़ रुपए का बजट है। इससे दिल्ली की महिलाओं को प्रति माह 2500 रुपए दिए जाएंगे। इसी तरह यमुना और सीवेज की सफाई के लिए 9 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा केंद्र सरकार से 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज तो मिलेगा ही। साथ ही दिल्ली सरकार भी इसमें अपनी ओर से 5 लाख रुपए जोड़ रही है। अर्थात् आयुष्मान योजना के तहत 10 लाख का इलाज मुफ्त में मिलेगा। रेखा गुप्ता ने मातृत्व वंदन परियोजना के लिए 210 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को एकमुश्त 21 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा दिल्ली में महिला सुरक्षा के लिए 50 हजार अतिरिक्त कैमरे लगाए जाएंगे। कनेक्टिविटी सुधारने के लिए 1 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसी तरह 100 जगह अटल कैंटीन खोली जाएगी, जहां 5 रुपए में भोजन मिलेगा। सड़कों के सुधार के लिए 3800 करोड़ खर्च किए जाएंगे। दिल्ली में नई औद्योगिक और वेयरहाउसिंग नीति लाई जाएगी। सीनियर सिटिजन्स के लिए 20 करोड़ की ग्रांट जारी की।
इसी तरह सीवेज प्लांट के लिए 500 करोड़, यमुना सफाई के लिए 500 करोड़, पुरानी सीवर लाइनों को बदलने 250 करोड़ का बजट रखा गया है।
बुनियादी सुविधाओं के लिए विशेष प्रावधान
झुग्गी बस्तियों में बुनियादी सुविधा के लिए 696 करोड़, अटल कैटीन के लिए 100 करोड़ रखा गया है। इसी तरह मुख्यमंत्री सड़क विकास निधि पर 1400 करोड़, एनसीआर से कनेक्टिविटी सुधारने 1000 करोड़, सड़क और पुल निर्माण के लिए 3843 करोड़, फ्लाईओवर और बुनियादी ढांचा के लिए 3800 करोड़ का प्रावधान रखा गया है। इसके अलावा महिला समृद्धि योजना पर 5100 करोड़, गर्भवती महिलाओं की योजना पर 210 करोड़ का बजट है।
बजट भाषण में मुख्यमंत्री रेखा का शायराना अंदाज
कुछ देर की खामोशी है, फिर शोर भी जाएगा
कभी तुम्हारा दौर आया था, अब हमारा
यकीन हो तो कोई रास्ता निकलता है
हवा की ओट लेकर भी दिया जलता है।
लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती
कोशिश करने वालों की हार नहीं होती।
मोदी को मिले हर वोट का कर्ज उतारूंगी
दिल्ली की दीदी रेखा हूं, हर एक काम करके दिखाऊंगी।






