रायपुर। देश के पर्यटन मानचित्र पर छत्तीसगढ़ को एक आकर्षक और विशिष्ट पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित
करने की दिशा में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में 7 से 10 अक्टूबर
2026 तक आयोजित मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान
राज्य की अनुपम प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों, जनजातीय परंपराओं और
पर्यटन की विविध संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ को
राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
विभिन्न राज्यों के पर्यटन अधिकारियों से संवाद
ट्रैवल मार्ट के दौरान छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा और प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे की
विशेष उपस्थिति रही। प्रबंध संचालक श्री चौबे ने मध्य प्रदेश के पर्यटन सचिव श्री इलैयाराजा सहित विभिन्न
राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर अंतरराज्यीय पर्यटन को बढ़ावा देने और संयुक्त पर्यटन सर्किट
विकसित करने पर चर्चा की।
चित्रकोट से सिरपुर तक पर्यटन की विविधता
देश भर से आए टूर ऑपरेटरों को छत्तीसगढ़ के विश्वप्रसिद्ध चित्रकोट व तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय
उद्यान, सिरपुर की पुरातात्विक धरोहरों, भोरमदेव मंदिर, मैनपाट के प्राकृतिक सौंदर्य और बस्तर की विशिष्ट
जनजातीय संस्कृति से रूबरू कराया गया।
छत्तीसगढ़ भ्रमण का आमंत्रण
प्रबंध संचालक श्री चौबे ने पर्यटन हितधारकों को छत्तीसगढ़ आने का आमंत्रण दिया, ताकि वे यहां की प्राकृतिक
संपदा और वन्यजीव पर्यटन का प्रत्यक्ष अनुभव कर सकें और इसे अपने यात्रा पैकेजों में शामिल कर सकें।
रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन
सरकार का मुख्य उद्देश्य पर्यटन के माध्यम से स्थानीय युवाओं, गाइडों, होटल-होमस्टे संचालकों, परिवहन
व्यवसायियों और हस्तशिल्पियों के लिए आजीविका के नए अवसर सृजित करना है। ग्रामीण एवं जनजातीय
पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय संस्कृति के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राष्ट्रीय मंचों पर इस
प्रकार की सहभागिता से छत्तीसगढ़ में पर्यटन आधारित समावेशी विकास को बल मिल रहा है और राज्य देश के
एक प्रमुखपसंदीदा पर्यटन गंतव्य के रूप में तेज़ी से उभर रहा है।






