मनोरंजन

‘द केरल स्टोरी 2’ OTT रिलीज : 8 मई को ZEE5 पर आ रही है विवादित फिल्म, जानें पूरी डिटेल्स

सिनेमाघरों में भारी विवाद और चर्चा बटोरने के बाद, विपुल अमृतलाल शाह की फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने के लिए तैयार है। यह फिल्म 8 मई को ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर रिलीज होगी। थियेट्रिकल रिलीज के करीब 10 हफ्ते बाद इसे ओटीटी पर लाया जा रहा है ताकि यह देशभर के हर घर तक पहुंच सके।

अपनी पिछली कड़ी से आगे बढ़ते हुए, ‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ राजस्थान, मध्य प्रदेश और केरल की तीन युवा महिलाओं की व्यक्तिगत यात्राओं पर केंद्रित है। भले ही उनकी ज़िंदगियां अलग-अलग दिखती हों, लेकिन वे एक साझा अनुभव से जुड़ी हैं, जहां कहानी की शुरुआत भरोसे और प्यार से होती है, लेकिन धीरे-धीरे यह छल और नियंत्रण में बदल जाती है, जिससे उनकी स्वतंत्रता प्रभावित होती है।

मूल रूप से, यह फिल्म इस कठोर सच्चाई को सामने लाती है कि भावनात्मक कमजोरियों का कैसे दुरुपयोग किया जा सकता है। यह दिखाती है कि किस तरह विश्वास का गलत इस्तेमाल कर रिश्तों को आज़ादी की जगह नियंत्रण का माध्यम बना दिया जाता है। इन व्यक्तिगत कहानियों के माध्यम से, फिल्म यह संदेश देती है कि ऐसी घटनाएं किसी भी घर की किसी भी बेटी के साथ हो सकती हैं।

अमरनाथ झा और विपुल अमृतलाल शाह ने फिल्म का सह-लेखन किया

विपुल अमृतलाल शाह की बनाई और कमाख्या नारायण सिंह की निर्देशित इस फिल्म में अदिति भाटिया, उल्का गुप्ता और ऐश्वर्या ओझा ने लीड रोल प्ले किया है। आशीं ए. शाह और रविचंद नल्लप्पा सह-निर्माता हैं, जबकि अमरनाथ झा और विपुल अमृतलाल शाह ने फिल्म का सह-लेखन किया है।

ZEE5 के माध्यम से यह फिल्म देशभर के घरों तक पहुंचेगी

निर्माता विपुल अमृतलाल शाह ने कहा, ‘द केरल स्टोरी 2 के साथ हमारा उद्देश्य सिर्फ कहानी कहना नहीं, बल्कि लोगों को सोचने और कठिन सवाल पूछने के लिए प्रेरित करना रहा है। यह केवल स्क्रीन पर दिखाए गए घटनाक्रम के बारे में नहीं है, बल्कि उनके पीछे की सच्चाइयों को समझने के बारे में है। हमें विश्वास है कि ZEE5 के माध्यम से यह फिल्म देशभर के घरों तक पहुंचेगी और महत्वपूर्ण बातचीत शुरू करेगी। हाल ही में नासिक में TCS से जुड़े घटनाक्रम के संदर्भ में भी यह स्पष्ट है कि इन मुद्दों को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता। यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक चेतावनी है। हर मां और बेटी के लिए इसे देखना जरूरी है, ताकि वे जागरूक और सतर्क रह सकें।’

अदिति भाटिया बोलीं : मेरा किरदार कई भावनात्मक उतार-चढ़ाव से गुजरता है

अदिति भाटिया ने कहा, ‘इस फिल्म ने मुझे एक कलाकार के रूप में बहुत चुनौती दी। मेरा किरदार कई भावनात्मक उतार-चढ़ाव से गुजरता है, जिसने मुझे यह सोचने पर मजबूर किया कि लोग कितने मजबूत और साथ ही कितने संवेदनशील हो सकते हैं। यह एक ऐसी कहानी है जो लंबे समय तक आपके साथ रहती है। इसका हिस्सा बनना मेरे लिए एक गहन और आंखें खोल देने वाला अनुभव रहा है। मैं उत्साहित हूं कि दुनियाभर के दर्शक इसे हिंदी ZEE5 पर देखेंगे।’

उल्का गुप्ता बोलीं : ‘सुरेखा का किरदार निभाना चुनौतीपूर्ण था

उल्का गुप्ता ने कहा, ‘सुरेखा का किरदार निभाना मेरे करियर के सबसे भावनात्मक रूप से चुनौतीपूर्ण अनुभवों में से एक था। कोच्चि की यह आधुनिक मलयाली लड़की अपने विश्वासों, परिस्थितियों और अस्तित्व के बीच लगातार संघर्ष करती है—और यही संघर्ष दर्शकों के साथ बना रहता है। फिल्म रिलीज के दौरान मुझे मेरे किरदार की निजी पसंदों, यहां तक कि खान-पान को लेकर भी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। यह कहानी सवाल उठाने, सहने और हर परिस्थिति में खुद के प्रति सच्चे रहने के साहस की है। इस फिल्म ने मुझे उसकी दृढ़ता से सबसे ज्यादा प्रभावित किया। यह फिल्म आपको सुकून नहीं देती, बल्कि आपको सोचने पर मजबूर करती है।’

‘द केरल स्टोरी 2′ बॉक्स ऑफिस

विपुल शाह की इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखाया था। भारत में इसने 52.92 करोड़ और दुनियाभर में 62.33 करोड़ की कमाई की थी।

Related Posts