दंतेवाड़ा। बैलाडीला की पहाड़ियों में खनन के नाम पर पर्यावरण को हुए नुकसान का गंभीर मामला सामने आया है। एनएमडीसी के डिपॉजिट-14 खदान क्षेत्र में खनन से निकला अनुपयोगी मलबा (टेलिंग्स) अब आरक्षित वन क्षेत्र के भीतर तक फैल गया है। इस घटना के बाद प्रबंधन ने किरंदुल कॉम्प्लेक्स में पदस्थ महाप्रबंधक सुधांशु वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इधर खनन अपशिष्ट का विशाल ढेर धंसने से लाल मिट्टी और पत्थरों का सैलाब करीब तीन किलोमीटर लंबी पट्टी में घने जंगल को अपनी चपेट में ले चुका है। शुरुआती जांच में 25 से 30 हेक्टेयर जंगल प्रभावित होने और 2.5 से 3 करोड़ रुपए तक के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने एनएमडीसी प्रबंधन के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। वन भूमि में अवैध रूप से मलबा डंप होने और पर्यावरणीय क्षति की पुष्टि के बाद संबंधित एजेंसी के विरुद्ध वन अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
खास बात यह है कि मलबे का खिसकना अभी पूरी तरह थमा नहीं है, ऐसे में नुकसान का दायरा और बढ़ने की आशंका है। शुरुआत में कंपनी की ओर से मलबा सीमित क्षेत्र में फैलने का दावा किया गया था, लेकिन वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जब वास्तविक पैमाइश की तो स्थिति कहीं अधिक गंभीर मिली। जांच में सामने आया कि मलबा आरक्षित वन क्षेत्र के कंपार्टमेंट नंबर 673 तक पहुंच चुका है। इससे जंगल के हजारों पेड़-पौधों और वन्यजीवों के प्रभावित होने की आशंका है। इस घटना का असर केवल जंगल तक सीमित नहीं है। मलबे में चार प्राकृतिक नाले दब गए हैं, जिससे निचले ग्रामीण इलाकों में पेयजल और प्राकृतिक जलस्रोतों पर संकट गहराने की आशंका है।
वास्तविक नुकसान का आकलन और जांच
डीएफओ गंगानाथ रामकृष्ण के अनुसार प्रारंभिक जांच में 25 से 30 हेक्टेयर जंगल प्रभावित होने का अनुमान है। इससे करीब 2.5 से 3 करोड़ रुपए तक का नुकसान हो सकता है। मलबा अभी पूरी तरह स्थिर नहीं हुआ है, इसलिए वास्तविक नुकसान का आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
महाप्रबंधक निलंबित
बैलाडीला के डिपॉजिट-14 में हुए भीषण भूस्खलन के बाद एनएमडीसी प्रबंधन में बड़ी कार्रवाई हुई है। एनएमडीसी लिमिटेड ने किरंदुल कॉम्प्लेक्स में पदस्थ महाप्रबंधक सुधांशु वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एनएमडीसी के डायरेक्टर द्वारा जारी आदेश में कंपनी के कर्मचारियों के लिए लागू कंडक्ट, डिसिप्लिन एंड अपील रूल्स, नियम 20 का हवाला दिया गया है।






