महासमुंद। जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र स्थित करणी कृपा पावर प्लांट में भट्ठी की सफाई के दौरान अचानक निकले गर्म डस्ट की चपेट में आने से पांच कर्मचारी झुलस गए। हादसे में झुलसे सभी कर्मचारियों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
किलन की सफाई के दौरान हादसा
जानकारी के अनुसार करणी कृपा पावर प्लांट में कर्मचारी नियमित प्रक्रिया के तहत भट्ठी की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान भट्ठी से अचानक गर्म डस्ट बाहर निकली, जिससे वहां काम कर रहे पांच कर्मचारी उसकी चपेट में आ गए। घटना के तुरंत बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों और प्रबंधन की मदद से झुलसे उन्हें तत्काल बाहर निकाला गया और अस्पताल भिजवाया गया।
पुलिस को दी गई सूचना
इस हादसे में घायल कर्मचारियों की पहचान मिथिलेश्वर, लाल सिंह, राज कुमार, भागवत और हेमंत के रूप में हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, गर्म डस्ट के कारण पांचों कर्मचारी करीब 30 से 70 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी को रायपुर रेफर किया गया है, जहां गहन चिकित्सा कक्ष में उनका उपचार जारी है।






