जगदलपुर। बस्तर थाना क्षेत्र के बालेंगा के करीब नेशनल हाइवे 30 पर तड़के हुए सड़क हादसे में बस में सवार शिक्षिका की मौके पर मौत हो गई। हादसे में कुछ यात्रियों को सामान्य चोट आई थी जिन्हे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद जेसीबी से बस को हटाकर यातायात बहाल किया गया बस्तर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बालेंगा कोसा सेंटर के पास अनियंत्रित हुई
जानकारी के मुताबिक रायपुर से कोंटा जा रही रॉयल ट्रेवल्स की बस बालेंगा कोसा सेंटर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार कवर्धा निवासी दोरनापाल में पदस्थ शिक्षिका पद्मनी चंद्रवंशी की मौके पर मौत हो गई। वहीं हादसे में आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद बस बीच सड़क पर ही पलट गई जिससे नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
बुलाई गई जेसीबी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए जेसीबी मशीन बुलाई गई जिसकी मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को हाईवे से हटाकर किनारे किया गया और काफी मशक्कत के बाद यातायात को दोबारा सुचारू रूप से बहाल किया जा सका।
तेज थी बस की रफ्तार
बस्तर थाना प्रभारी ने बताया कि पंचनामा के बाद शव पीएम के लिए भेजा गया था, जिसे पीएम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। हादसे की वजह की पुलिस जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि बस की रफ्तार काफी तेज थी, जिस पर चालक नियंत्रण नहीं रख पाया और वह अनियंत्रित होकर पलट गई।






