रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के कड़े रुख और निर्देश पर चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के टीवी टावर इलाके में संचालित हो रहे एक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने मौके से कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त टीम ने दी दबिश
जानकारी के अनुसार, टीवी टावर क्षेत्र में लंबे समय से संदिग्ध और अनैतिक गतिविधियों के संचालित होने की शिकायतें पुलिस को मिल रही थीं। सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी शशि मोहन सिंह ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) मयंक मिश्रा के नेतृत्व में साइबर सेल और चक्रधर नगर थाना पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया।
घेराबंदी कर 6 आरोपियों को लिया हिरासत में
पुलिस टीम ने पूरी योजनाबद्ध तरीके से चिन्हित स्थान पर औचक दबिश दी। छापेमार कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 4 महिलाओं और 2 पुरुषों को संदिग्ध अवस्था में हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और इस तरह की अवैध व अनैतिक गतिविधियों को पूरी तरह समाप्त करने के लिए आगे भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






