रायपुर। देशभर में एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार 19 मई को पेट्रोल 86 पैसे और डीजल 83 पैसे महंगा हो गया।
ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद देशभर में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोगों को डर है कि आने वाले दिनों में दाम और बढ़ सकते हैं, इसलिए बड़ी संख्या में लोग पहले ही पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंच रहे हैंI लोगों का कहना है कि मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ रही हैं, जिसका असर भारत में भी देखने को मिल रहा है।
पेट्रोल-डीजल महंगा होने से घर का बिगड़ गया बजट
रायपुर में नौकरी करने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि रोजाना ऑफिस आने-जाने में अब ज्यादा खर्च हो रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से घर का बजट बिगड़ने लगा है। वहीं, सड़क किनारे कपड़े बेचने वाले एक दुकानदार ने कहा कि कमाई पहले ही कम है, ऊपर से ईंधन महंगा होने से सामान ढोने और आने-जाने का खर्च बढ़ गया है।
बढ़ती महंगाई ने लोगों की बढ़ा दी मुश्किलें
लोगों का कहना है कि सिर्फ पेट्रोल-डीजल ही नहीं, बल्कि हर जरूरी चीज महंगी होती जा रही हैI गैस सिलेंडर से लेकर खाने-पीने की वस्तुओं तक के दाम बढ़ रहे हैं। मुंबई के एक युवक ने कहा कि सबसे ज्यादा परेशानी गरीब और मध्यम वर्ग को हो रही है, क्योंकि आम आदमी के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं हैI लगातार बढ़ती महंगाई ने लोगों की चिंता और मुश्किलें दोनों बढ़ा दी हैं।






