रायपुर। नक्सलवाद से मुक्ति के बाद अब छत्तीसगढ़ सरकार बस्तर के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति देने जा रही है। बस्तर के स्थानीय संसाधनों, प्राकृतिक संपदा और ग्रामीणों की क्षमताओं का समुचित उपयोग कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ‘स्वावलंबी बस्तर अभियान’ की वृहद कार्ययोजना तैयार की गई है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज महानदी भवन, नवा रायपुर में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान की तैयारियों एवं प्रस्तावित कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की।
5 लाख परिवार होंगे लाभान्वित
स्वावलंबी बस्तर अभियान के अंतर्गत आगामी पांच वर्षों में निवेश की कार्ययोजना तैयार की गई है। अभियान के माध्यम से बस्तर संभाग के बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर एवं सुकमा जिले की 1,885 ग्राम पंचायतों के 3,964 गांवों में लगभग 5 लाख परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के माध्यम से लक्षित परिवारों की मासिक आय 20 से 30 हजार रुपए तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
चार प्रमुख क्षेत्रों के 52 उत्पादों पर रहेगा विशेष जोर
अभियान के अंतर्गत कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों, वनोपज एवं वृक्ष आधारित आजीविका, पशुपालन तथा गैर कृषि एवं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों से जुड़े 23 उपक्षेत्रों के लगभग 52 प्रमुख उत्पादों को चिन्हांकित किया गया है। इनमें जैविक चावल, मिलेट्स, मसाले, फल एवं सब्जियां, इमली, महुआ, काजू, बांस, कोसा, लाख, शहद, कॉफी, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, ढोकरा शिल्प एवं पर्यटन सहित विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं।
उत्पादन से बाजार तक विकसित की जाएगी संपूर्ण मूल्य श्रृंखला
अभियान के तहत केवल आजीविका के साधन उपलब्ध कराने तक सीमित न रहते हुए कच्चे माल एवं आवश्यक सामग्री की आपूर्ति, तकनीकी प्रशिक्षण, उत्पादन, संग्रहण, भंडारण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन तक संपूर्ण मूल्य श्रृंखला विकसित की जाएगी।
दुग्ध उत्पादन और प्रसंस्करण से ग्रामीण परिवारों को मिलेगी नियमित आय
राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के सहयोग से ग्रामीण परिवारों को दुधारू गाय उपलब्ध कराने तथा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की योजना तैयार की जा रही है। इसके साथ ही दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण एवं विपणन की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी, जिससे ग्रामीण परिवारों को नियमित आय का स्रोत उपलब्ध हो सके।
60 शासकीय योजनाओं के समन्वय से होगा अभियान का क्रियान्वयन
स्वावलंबी बस्तर अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केंद्र एवं राज्य शासन के 10 विभागों की 60 योजनाओं का समन्वय किया जाएगा। ग्रामीण परिवारों को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के स्व-सहायता समूहों, सहकारी संस्थाओं, कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ), वन धन विकास केंद्रों एवं अन्य सामुदायिक संस्थाओं से जोड़ा जाएगा।
शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा होंगे विकसित
अभियान के अंतर्गत बस्तर संभाग में पूर्व सुरक्षा कैंपों के स्थान पर शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा विकसित किए जाने का प्रस्ताव है। इन केंद्रों को सेवा सेतु पोर्टल से जोड़कर ग्रामीणों को नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इससे दूरस्थ अंचलों के ग्रामीणों को अपने गांव के समीप ही विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।






