Blog

बलौदाबाजार के गोदाम और दुकान में भीषण आग : पांच करोड़ का सामान जलकर राख

बलौदाबाजार। शहर के लवन रोड स्थित दीपल ट्रेडर्स के दुकान और गोदाम में बुधवार–गुरुवार की रात भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा करोड़ों रुपये का किराना सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार देर रात अचानक दुकान और गोदाम से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग तेजी से फैली, जिससे गोदाम में रखा अधिकांश सामान जल गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना की सूचना मिलने पर बलौदाबाजार कोतवाली थाना की टीम भी मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कराया। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। सुबह 9 बजे तक आग की लपटों पर तो काबू पा लिया गया था, लेकिन खबर लिखे जाने तक दमकल की गाड़ियां मौके पर अंदरुन आग को बुझाने का प्रयास करती रही।

दमकल व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के दौरान दमकल विभाग की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए। आग बुझाने पहुंची बलौदाबाजार फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी को मौके पर धक्का देकर स्टार्ट करना पड़ा, जिसका वीडियो और दृश्य स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बने रहे।

जिले में आपातकालीन सेवाओं की हालत गंभीर

स्थानीय नागरिकों ने दमकल विभाग की तैयारियों और संसाधनों की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इतने बड़े जिले में आपातकालीन सेवाओं की ऐसी हालत गंभीर चिंता का विषय है। लोगों का कहना है कि यदि किसी बड़े हादसे के दौरान दमकल वाहन समय पर काम न करें तो स्थिति और भयावह हो सकती है। ऊपर से फायर स्टेशन भी शहर से लगभग 10 किमी दूर है।

आधुनिक सुविधाओं के दांवे खोखले

लोगों ने यह भी कहा कि सरकार विकास और आधुनिक सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जरूरी सेवाओं के रखरखाव और संसाधनों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। नागरिकों ने दमकल विभाग के वाहनों की नियमित जांच और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है।

शहर में फायर स्टेशन की मांग

बलौदाबाजार में लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं ने शहरवासियों और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। लवन रोड स्थित प्रतिष्ठित किराना व्यापारी विनोद अगिचाई की दुकान में लगी भीषण आग में करीब पांच करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद व्यापारियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। आरोप है कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी देर से मौके पर पहुंची, जिसके चलते आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका और नुकसान लगातार बढ़ता गया।

व्यापारियों का कहना है कि तेजी से विकसित हो रहे बलौदाबाजार नगर में आज भी फायर ब्रिगेड व्यवस्था शहर से बाहर संचालित हो रही है, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है। शहर में बढ़ते व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सरकारी कार्यालयों और आबादी को देखते हुए स्थायी एवं आधुनिक फायर स्टेशन की मांग लंबे समय से की जा रही है।

आधुनिक फायर स्टेशन स्थापित करने की मांग

चेंबर ऑफ कॉमर्स सहित व्यापारी वर्ग ने प्रशासन से मांग की है कि नगर में तत्काल आधुनिक फायर स्टेशन स्थापित कर पर्याप्त संसाधन और दमकल वाहन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं में जन-धन की हानि को रोका जा सके। व्यापारियों ने सवाल उठाया है कि आखिर प्रशासन किसी बड़े आंदोलन या और बड़ी दुर्घटना का इंतजार क्यों कर रहा है?

Related Posts