Blog

पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे का 70वां जन्मदिन बना जनआशीर्वाद दिवस : जगह-जगह भव्य स्वागत कर समर्थकों ने काटा केक

साजा। छत्तीसगढ़ की राजनीति में सादगी, विद्वत्ता और कुशल रणनीतिक कौशल के पर्याय, पूर्व कैबिनेट मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता रविंद्र चौबे ने अपने जीवन के 70 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। इस खास अवसर को पूरे साजा क्षेत्र सहित प्रदेशभर में उत्साह, उमंग और अद्वितीय जनसमर्थन के साथ जनआशीर्वाद दिवस के रूप में मनाया गया। नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक समर्थकों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने जगह-जगह भव्य स्वागत कार्यक्रमों का आयोजन कर केक काटा और अपने जनप्रिय नेता की दीर्घायु की कामना की।

छात्र राजनीति से शिखर तक : लगातार 7 बार विधायक का कीर्तिमान

बेमेतरा जिले के साजा क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित परिवार में जन्मे रविंद्र चौबे ने छात्र जीवन से ही जनसेवा का संकल्प ले लिया था। उनकी प्रखर वाक्शैली और जनहित के मुद्दों पर गहरी पकड़ ने उन्हें जल्द ही कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की नजरों में ला दिया। वर्ष 1985 में पहली बार विधानसभा की दहलीज लांघने वाले चौबे ने इसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार सात बार क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर एक अनोखा कीर्तिमान स्थापित किया। अविभाजित मध्य प्रदेश की दिग्विजय सिंह सरकार हो, या छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद अजीत जोगी की सरकार और फिर भूपेश बघेल सरकार में कृषि व संसदीय कार्य मंत्री के रूप में उन्होंने अपनी प्रशासनिक दक्षता का लोहा मनवाया।

उपलब्धियों पर एक नजर 

1985 – 2000 तक अविभाजित मध्य प्रदेश में विधायक और उच्च शिक्षा मंत्री के रूप में सक्रिय भूमिका।

2000 – 2003 तक छत्तीसगढ़ के प्रथम मंत्रिमंडल में महत्वपूर्ण विभागों का सफल संचालन।

2008 – 2013 तक नेता प्रतिपक्ष के रूप में सदन की भाषाई मर्यादा को बनाए रखते हुए जनहित के मुद्दों की प्रखर पैरवी।

2018 – 2023 तक कृषि मंत्री रहते हुए नरवा-गरवा-घुरवा-बारी और किसान न्याय योजना जैसी फ्लैगशिप योजनाओं के मुख्य सूत्रधार।

सत्ता साधन नहीं, न्याय का जरिया : रविंद्र चौबे

अपने जन्मदिन के इस ऐतिहासिक पल पर पूर्व विधायक रविंद्र चौबे ने उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा- राजनीति मेरे लिए कभी सत्ता का साधन नहीं रही, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने का एक जरिया रही है। साजा क्षेत्र की जनता का यह अपार स्नेह, सम्मान और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी और ताकत है। जनता के सुख-दुख में सदैव साथ खड़ा रहना ही मेरे जीवन का मुख्य उद्देश्य है।

कांग्रेस भवन से लेकर बंटी जैन के निवास तक उमड़ा जनसैलाब

दिनभर चले विभिन्न आयोजनों में कार्यकर्ताओं और नगरवासियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। नगर के कांग्रेस भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, युवा साथी और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने फूल-मालाओं और गुलदस्तों से श्री चौबे का आत्मीय स्वागत किया। वहीं, नगर पंचायत साजा के पूर्व एल्डरमेन जितेन्द्र जैन (बंटी) के निवास पर भी जन्मदिन का एक भव्य और आत्मीय आयोजन किया गया, जहां समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। पूरा क्षेत्र दिनभर रविंद्र चौबे जिंदाबाद के नारों से गुंजायमान रहा।

बधाई देने पहुंचे पक्ष-विपक्ष के दिग्गज व पदाधिकारी पहुंचे

70वें जन्मदिन के इस खास अवसर पर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने उन्हें अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। साजा में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान मुख्य रूप से ईश्वर वर्मा अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी साजा, संतोष वर्मा पूर्व अध्यक्ष, अंजोर यदु अध्यक्ष विधानसभा युवा कांग्रेस कन्हैया साहू अध्यक्ष किसान कांग्रेस साजा, मनोज जायसवाल पूर्व अध्यक्ष नगर पंचायत साजा, मंडल अध्यक्ष गण राजेश चंदेल, किलुश यदु, नगर पंचायत देवकर उपाध्यक्ष अतुल शर्मा, गुड्डू जायसवाल, दिनेश साहू अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग विभाग साजा, जनार्दन सिंह ठाकुर, नरेश सिन्हा, हनु साहू, सेक्टर अध्यक्षगण, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी साजा के पदाधिकारीगण, युवा कांग्रेस, किसान कांग्रेस, एन एस यू आई सहित समस्त कांग्रेसजनों की उपस्थिति रही।

Related Posts