रायपुर। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के तत्वावधान में रायपुर प्रेस क्लब के पत्रकारों और उनके परिजनों के लिए आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आभार एवं समापन समारोह रविवार को मोतीबाग स्थित रायपुर प्रेस क्लब में संपन्न हुआ। इस गरिमामय समारोह में रामकृष्णा केयर हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा पत्रकार समुदाय के लिए कई ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं व स्थायी रियायतों की घोषणा की गई, जो मीडिया जगत के लिए एक बड़ी सौगात मानी जा रही है।
30 जून तक बढ़ी नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर की अवधि
समारोह के मुख्य अतिथि एवं रामकृष्णा केयर हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक (MD) डॉ. संदीप दवे ने पत्रकारों के निरंतर और तनावपूर्ण कार्यों की सराहना की। उन्होंने पत्रकार परिवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घोषणा की कि इस नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर की अवधि को अब 30 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है। डॉ. दवे ने स्पष्ट किया कि जिन पत्रकारों को पहले ही कूपन जारी किए जा चुके हैं, वे और उनके परिजन इस निर्धारित बढ़ी हुई अवधि तक अस्पताल जाकर अपनी नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच का पूरा लाभ उठा सकेंगे।
भविष्य के लिए तीन बड़ी स्वास्थ्य रियायतों का ऐलान
शिविर की अवधि बढ़ाने के साथ ही डॉ. संदीप दवे ने पत्रकार कल्याण की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 30 जून को शिविर समाप्त होने के बाद भी रामकृष्णा केयर हॉस्पिटल में पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए विशेष सुविधाएं और रियायतें स्थायी रूप से जारी रहेंगी।
अस्पताल प्रबंधन द्वारा घोषित प्रमुख सुविधाएं
* पत्रकारों और उनके परिजनों के लिए अस्पताल में ओपीडी (OPD) परामर्श पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा।
*अस्पताल से दवाइयों की खरीद पर 10% की विशेष छूट दी जाएगी।
* अस्पताल के विभिन्न शुल्कों (Inpatient/Hospital Charges) पर 30% की स्थायी छूट प्रदान की जाएगी।
सैकड़ों मीडिया परिवारों को मिला प्रत्यक्ष लाभ
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थोरानी और रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने इस मानवीय पहल के लिए रामकृष्णा केयर हॉस्पिटल प्रबंधन और डॉ. संदीप दवे के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। मंच से वक्ताओं ने कहा कि इस स्वास्थ्य जांच शिविर के माध्यम से शहर के सैकड़ों पत्रकार परिवारों को सीधा लाभ पहुंचा है। इसके साथ ही भविष्य में मिलने वाली स्थायी रियायतें आर्थिक रूप से पत्रकारों के लिए एक बड़ी राहत साबित होंगी।






