गरियाबंद। जिले के पर्यटन स्थल चिंगरापगार में रविवार दोपहर में एंट्री रोकने पर बवाल मच गया। दोपहर 3 बजे एंट्री बंद होने के बाद जबरन अंदर घुसने की कोशिश कर रहे दुर्ग के युवकों ने स्थानीय समिति के सदस्यों पर पाइप और लात-मुक्कों से हमला कर दिया। इस घटना से भड़के ग्रामीणों ने युवकों की गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की और देर शाम तक थाने का घेराव कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला और आरोपी युवकों को हिरासत में लिया है।
3 बजे के बाद जबरन घुसने की कोशिश कर रहे थे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्ग से चार-पांच युवक कार से चिंगरापगार पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सुरक्षा और व्यवस्था के लिहाज से पर्यटन स्थल में दोपहर 3 बजे के बाद पर्यटकों का प्रवेश प्रतिबंधित है। जब स्थानीय पार्किंग और प्रवेश व्यवस्था संभाल रही समिति के युवकों ने दुर्ग के पर्यटकों को अंदर जाने से रोका, तो वे भड़क गए। पहले दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
पाइप और मुक्कों से हमला, भड़के ग्रामीणों ने की तोड़फोड़
स्थानीय समिति के सदस्यों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दुर्ग से आए बाहरी युवकों ने गाड़ियों से लोहे के पाइप निकाल लिए और स्थानीय युवकों पर हमला कर दिया। उन्होंने समिति के सदस्यों को दौड़ा-दौड़ा कर हाथ-मुक्कों और पाइप से पीटा।
जैसे ही इस मारपीट की खबर आसपास के गांवों में फैली, देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय युवकों पर हमले से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी युवकों को घेर लिया और उनकी कारों पर पथराव करते हुए उनमें तोड़फोड़ कर दी।
कोतवाली थाने में जुटे ग्रामीण
चिंगरापगार में बवाल बढ़ने की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी युवकों को भीड़ से बचाया और हिरासत में लेकर थाने ले आई। हालांकि, घटना से नाराज बड़ी संख्या में ग्रामीण भी सिटी कोतवाली थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर देर तक डटे रहे।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल स्थानीय युवकों का मुलाहजा कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वाले और पर्यटन स्थल पर गुंडागर्दी करने वाले बाहरी युवकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वाहनों में तोड़फोड़ के मामले की भी जांच की जा रही है।






