रायगढ़। रायगढ़ जिला कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को ACB की टीम ने कलेक्टोरेट के राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ बाबू राजकुमार सिदार को 50 हजार का चेक बतौर रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। इस अचानक हुई कार्रवाई से परिसर एवं प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया।
सर्पदंश से हुई मौत की मुआवजा राशि के बदले मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, पीड़ित शिकायतकर्ता बुलाकीग्राम निवासी विजय सिदार की पत्नी की सर्पदंश से मृत्यु हो गई थी। शासन के नियमानुसार सर्पदंश से हुई मृत्यु पर मिलने वाली आर्थिक सहायता, मुआवजा राशि को पीड़िता के परिजनों के बैंक खाते में जारी करने के बदले राहत एवं आपदा शाखा के बाबू राजकुमार सिदार द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
ACB ने बिछाया जाल, रंगे हाथों दबोचा
बाबू द्वारा लगातार रिश्वत की मांग किए जाने से परेशान होकर शिकायतकर्ता विजय सिदार ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो ACB से की। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद ACB की टीम ने रणनीति बनाकर कलेक्टोरेट परिसर में जाल बिछाया। जैसे ही बाबू राजकुमार सिदार ने शिकायतकर्ता से रिश्वत के रूप में 50 हजार रुपये का चेक प्राप्त किया, पहले से तैयार ACB की टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा।
कार्रवाई से मचा हड़कंप
कलेक्टोरेट जैसे प्रमुख प्रशासनिक कार्यालय के भीतर ACB के इस छापे से अन्य कर्मचारियों व अधिकारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ACB की टीम ने आरोपी बाबू के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।






