साउथ सिनेमा की पॉपुलर एक्ट्रेस और हिंदी टीवी का जाना-पहचाना चेहरा पायल मंगलवार को स्टेज पर सबसे सामने भावुक हो गईं। उनकी आंखों से आंसुओं की ऐसी धारा बही कि वह खुद को संभाल नहीं पाईं और फिर कार्यक्रम छोड़कर चली गईं। 33 साल की पायल राजपूत का यह हाल देखकर ना सिर्फ फैंस, बल्कि सोशल मीडिया पर हर कोई भावुक है। यह मौका था पायल की अपकमिंग फिल्म ‘फर्स्ट टाइम 01-01-01’ के प्रमोशन का, जहां एक रिपोर्टर के सवाल ने एक्ट्रेस को असहज कर दिया।
हिंदी टीवी पर ‘सपनों से भरे नैना’ और ‘गुस्ताख दिल’ जैसे शोज में नजर आईं पायल राजपूत ने 2018 में ‘RX 100’ फिल्म से टॉलीवुड में शानदार डेब्यू किया था। अपनी पहली ही फिल्म से उन्होंने सबका ध्यान खींचा, लेकिन उनकी बाद की फिल्में वैसा ही असर दिखाने में नाकाम रहीं। यहां तक कि ‘मंगलवारम’ भी, जिसने चर्चा तो बटोरी पर एक बड़ी कमर्शियल सक्सेस नहीं बन पाई।
पायल बता रही थीं जिंदगी के सबसे मुश्किल दिनों की कहानी
मंगलवार को फिल्म ‘First Time 01-01-01’ के प्रमोशन के सिलसिले में पायल राजपूत मीडिया से बात कर रही थीं। इस दौरान वह निजी जिंदगी की मुश्किलों की बात करते हुए मंच पर ही रो पड़ीं। दिल्ली में पैदा हुई पायल ने बताया कि उन्होंने अपनी जिंदगी के कुछ सबसे मुश्किल महीने जयपुर में बिताए, जहां उन्होंने ‘विपश्यना’ ध्यान किया। यह एक तरह का मौन ध्यान है, जिसमें खुद को समझने और मानसिक स्पष्टता पर जोर दिया जाता है।
जब मुझे पता चला कि मेरे पिता को कैंसर है, तो यह मेरे और मेरी मां, दोनों के लिए ही बहुत भारी और दिल दहला देने वाला वक्त था। मेरा दिल बुरी तरह टूट गया। मैं खुद को संभाल नहीं पाई।
पायल राजपूत, एक्ट्रेस
सवाल का जवाब देते हुए हो गईं भावुक
इवेंट के दौरान जब पायल यह बता रही थीं, उसी समय एक तेलुगू पत्रकार ने उनसे थोड़ा मुश्किल सवाल पूछ लिया। उनसे करियर के उतार-चढ़ावों के बारे में पूछा गया और साथ ही उन निजी मुश्किलों के बारे में भी, जिनका उन्हें सामना करना पड़ा। पायल राजपूत ने बताया कि विपश्यना की ओर मुड़ने का फैसला उन्होंने अपनी जिंदगी के एक बेहद दुखद दौर से गुजरने के बाद लिया था। यही बताते हुए वह भावुक हो गईं। उन्हें देख वहां मौजूद हर किसी की आंख नम हो गई।
विपश्यना और योग अभ्यास ने दिया सहारा
पायल ने बताया कि उनके पिता, जो उनके लिए पूरी दुनिया थे, कैंसर की वजह से इस दुनिया को अलविदा कह गए। उस दुखद स्थिति से बाहर निकलने के लिए उन्हें कोई सहारा ढूंढ़ना पड़ा, जिसमें विपश्यना और योग का अभ्यास भी था। अपनी जिंदगी की इस सबसे बड़ी चुनौती की बात करते हुए पायल पूरी तरह टूट गईं, वह लगातार रोती रहीं और आखिरकार प्रेस कॉन्फ्रेंस छोड़कर चली गईं।
कौन हैं पायल राजूत
पायल राजपूत का जन्म 5 दिसंबर 1992 को दिल्ली में हुआ है। साउथ सिनेमा में एंट्री से पहले वह हिंदी टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस रही हैं। फिलहाल वह मुख्य रूप से तेलुगू और पंजाबी फिल्मों में काम करती हैं। उन्होंने पंजाबी फिल्म ‘चन्ना मेरेया’ से 2017 में बड़े पर्दे पर डेब्यू किया था। इसके लिए उन्हें ‘बेस्ट डेब्यू एक्ट्रेस’ का ‘फिल्मफेयर अवॉर्ड पंजाबी’ मिला। इसके अगले ही साल उन्होंने हिंदी फिल्म ‘वीरे की वेडिंग’ (2018) से बॉलीवुड में कदम रखा। जबकि उसी साल ‘RX 100’ से तेलुगू फिल्मों में भी एंट्री की।





