बलरामपुर-रामानुजगंज। मुख्यमंत्री श्री साय बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत रघुनाथनगर के शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित करमा महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों को 71 करोड़ 48 लाख रुपए की लागत के 694 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 54 करोड़ 21 लाख रुपए के 672 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास तथा 17 करोड़ 27 लाख रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने करमा देव को नमन करते हुए क्षेत्रवासियों को करमा महोत्सव की बधाई दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय भवन के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम पंचायत रघुनाथनगर एवं बरतीकला में मंगल भवन निर्माण, ग्राम पंचायत महेवा में विद्युत सब स्टेशन की स्थापना तथा प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण रकसगंडा को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित एवं भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में भगवानपुर से मेंढ़ारी तथा डिण्डो-विमलापुर-नावाडीह सड़क निर्माण, सात नल-जल योजनाएं, रामानुजगंज अस्पताल में डायलिसिस यूनिट, 12 आंगनबाड़ी भवन, राजपुर में एसडीएम कार्यालय भवन तथा चान्दो में तहसील कार्यालय भवन सहित अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं। इन कार्यों से क्षेत्र में सड़क संपर्क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार होगा।
छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। करमा महोत्सव हमारी लोकआस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकजुटता का जीवंत प्रतीक है। हमारी सरकार इन गौरवशाली परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ प्रदेश के दूरस्थ और जनजातीय अंचलों में विकास की नई संभावनाओं को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा संकल्प है कि विकास का लाभ हर गांव, हर परिवार और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।






