छत्तीसगढ़

रूंगटा पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव : वित्त मंत्री चौधरी ने युवाओं को आगे बढ़ने के बताये टिप्स 

रायपुर। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी भिलाई के कोहका स्थित रूंगटा पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने छात्रों से कहा छात्र सफलता को केवल परीक्षा के अंकों और स्कूल में उनकी रैंकिंग से नहीं आंके। प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशिष्ट प्रतिभा होती है। आवश्यकता है कि अभिभावक और शिक्षक उनकी रुचि, प्रतिभा और क्षमता को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।

बच्चों की प्रतिभा को निखारने में अभिभावकों और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों पर स्कूल का टॉपर बनने का दबाव न डालें, बल्कि उनकी स्वाभाविक रुचि और क्षमताओं को समझें। बच्चों को अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर दें। उन्होंने कहा कि बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने और उनमें आत्मविश्वास विकसित करने में अभिभावकों एवं शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बच्चों को असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए।

साधारण ग्रामीण परिवेश से आईएएस बनने तक के संघर्षों को किया साझा

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने अपने बचपन और विद्यार्थी जीवन के संघर्षों को साझा करते हुए बताया कि वे एक छोटे से गांव से निकलकर पढ़ाई के लिए भिलाई आए थे। महज आठ वर्ष की आयु में पिता का निधन हो गया था। चौथी कक्षा तक शिक्षित उनकी माता ने कठिन परिस्थितियों में उनका पालन-पोषण किया और शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया। अनेक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और 22 वर्ष की उम्र में पहले ही प्रयास में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में चयनित हुए।

राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक संस्थानों से छत्तीसगढ़ में बढ़ रहे शिक्षा के अवसर

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में आईआईटी, आईआईएम, ट्रिपल आईटी, एम्स, एनआईटी और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ-साथ निफ्ट (NIFT), नाइलेट (NIELIT) और नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) जैसे राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों से युवाओं के लिए शिक्षा और करियर के नए अवसर विकसित हो रहे हैं।

Related Posts