बिलासपुर। हाईकोर्ट ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर कड़े रूख अपनाये हैं। चीफ जस्टिस कृष्णराम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच ने 2 सप्ताह में अध्यक्ष की नियुक्ति करने के निर्देश दिये हैं।हाईकोर्ट ने कहा निश्चित अवधि में नियुक्ति नहीं होने पर सख्त कार्रवाई होगी।
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने हाईकोर्ट को बताया कि आयोग के अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अगले दो सप्ताह के भीतर अध्यक्ष नियुक्त कर दिया जाएगा।
हाईकोर्ट में मनोचिकित्सक विशेषज्ञों के पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू कराने में हो रही देरी का मुद्दा भी उठा। इस पर याचिकाकर्ता की ओर से कहा गया कि यदि नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति में समय लग रहा है तो इंटरव्यू कराने के लिए कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है।
हाईकोर्ट ने 26 अक्टूबर को इस संबंध में निर्देश देते हुए आयोग और राज्य सरकार को 10 दिन का समय दिया था। कहा था कि अध्यक्ष या कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति कर इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए कदम उठाए जाएं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है।
अगली सुनवाई 14 दिसंबर को
हाईकोर्ट ने 14 दिसंबर को होने वाली सुनवाई में नियुक्ति की प्रगति बताने कहा हैं। ऐसा नहीं होने पर कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।






