Blog

 रास्ता पूछना पड़ा भारी : मदद के बहाने साथ ले जाकर बुजुर्ग से की मारपीट और लूट, 2 आरोपी गिरफ्तार

पलारी। कहते हैं कि संकट के समय राहगीर अक्सर दूसरों से मदद या रास्ता पूछते हैं, लेकिन पलारी थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। बेटी के घर जा रहे एक पिता ने जिन युवकों से रास्ता पूछा, उन्होंने ही उसे लूट लिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

क्या है पूरी घटना?

शिकायतकर्ता चंद्रभान आवडे, निवासी ग्राम भोरिंग जिला महासमुंद 7 मई की रात अपनी बेटी से मिलने ग्राम नवागांव जा रहे थे। ग्राम जंगलोर के पास पहुंचने पर वे रास्ता भटक गए। वहां खड़े तीन युवकों को देखकर उन्होंने नवागांव का मार्ग पूछा। आरोपियों ने मदद का नाटक किया और चंद्रभान को अपनी मोटरसाइकिल के पीछे-पीछे आने को कहा।

रात करीब 11.30 बजे जब वे जंगलोर के गौटिया तालाब के पास पहुंचे, तो आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। वहां आरोपियों ने चंद्रभान को डराया-धमकाया और बेल्ट से बुरी तरह मारपीट की। इसके बाद आरोपी उनसे 8,000 रुपये नगद और उनका मोबाइल लूटकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस से दो आरोपियों की गिरफ्तारी

पीड़ित की रिपोर्ट पर पलारी पुलिस ने धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने बीट प्रणाली और मुखबिरों के जाल के जरिए संदिग्धों की तलाश शुरू की। हुलिए और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पकड़े गए आरोपी में उबारनदास और धनंजय उर्फ सोनू खंडेलवाल दोनों निवासी ग्राम जंगलोर शामिल हैं।

पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 AE 6081 और लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया है।

एक आरोपी अब भी फरार

पलारी पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले का तीसरा आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी सलाखों के पीछे पहुचा दिया जाएगा।

Related Posts