छत्तीसगढ़

वानिकी छात्रों को सौगात : राज्य में एसीएफ और वन परिक्षेत्र अधिकारी पदों पर 50 प्रतिशत आरक्षण

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वानिकी (फॉरेस्ट्री) के विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए लिए ऐतिहासिक निर्णय के
बाद छात्रों और शिक्षाविदों में भारी उत्साह है। शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सभागार में आयोजित एक
विशेष कार्यक्रम में वानिकी विभाग के विभागाध्यक्ष और समस्त छात्र-छात्राओं ने वन मंत्री केदार कश्यप के प्रति गहरा
आभार व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया।
क्या है निर्णय?
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की विशेष पहल पर छत्तीसगढ़ सरकार ने वानिकी विषय में विशेषज्ञता हासिल करने वाले युवाओं
के उज्ज्वल भविष्य और रोजगार के अवसरों को विस्तार दिया है। शासन ने सहायक वन संरक्षक (ACF) और वन परिक्षेत्र
अधिकारी (RFO) के पदों पर होने वाली सीधी भर्ती में 50 प्रतिशत पद वानिकी के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित करने का
महत्वपूर्ण और दूरगामी फैसला लिया है।
युवाओं में जागा नया विश्वास
सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित वक्ताओं और विद्यार्थियों ने कहा कि यह मांग लंबे समय से प्रतीक्षित थी। इस निर्णय के
लागू होने से न केवल छत्तीसगढ़ में वानिकी की पढ़ाई कर रहे युवाओं का मनोबल बढ़ा है, बल्कि उनके लिए सरकारी सेवा में
जाने के रास्ते भी और अधिक सुगम हो गए हैं। इस अवसर पर छात्रों ने इस फैसले को भविष्य के लिए वरदान बताते हुए
शासन के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।

Related Posts