देश

CM शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट छोड़ी :  भवानीपुर को चुना

कोलकता। पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने चुन लिया है कि वह किस सीट से विधायक बने रहेंगे। खबर है कि उन्होंने नंदीग्राम छोड़कर भवानीपुर को चुना है। खास बात है कि 2026 विधानसभा चुनाव में अधिकारी ने दो सीटों से चुनाव लड़ा था और दोनों पर ही विजयी रहे थे। उन्होंने भवानीपुर से तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया था। इससे पहले वह उन्हें 2021 में नंदीग्राम से भी हरा चुके हैं।

भवानीपुर से ली शपथ

9 मई को जब बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार शपथ ले रही थी, तब अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ भवानीपुर विधायक के तौर पर ली थी। हालांकि, वह पहले ही साफ कर चुके हैं दोनों ही सीटों का वह ध्यान रखेंगे। साथ ही उन्होंने नतीजों के बाद कहा था कि 10 दिन के अंदर ही किसी भी एक सीट से इस्तीफा दे देंगे। हालांकि, तब उन्होंने सीट का खुलासा नहीं किया था।

भवानीपुर में जीत

अधिकारी ने भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को 15,105 मतों के अंतर से हरा दिया था। शुभेंदु को 73,917 वोट मिले, जबकि बनर्जी को 58,812 वोट हासिल हुए थे। हालांकि, 2021 में नंदीग्राम में अधिकारी की जीत का अंतर काफी कम रहा था।

10 दिन में सीट छोड़ने का था वादा

अधिकारी ने 6 मई को कहा था कि वह 10 दिनों के भीतर दोनों में से एक सीट खाली कर देंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि इसका फैसला भी पार्टी नेतृत्व ही करेगा। उन्होंने कहा, ‘मैं 10 दिन के भीतर एक सीट खाली कर दूंगा। पार्टी तय करेगी कि मैं कौन सी सीट बरकरार रखूंगा। भवानीपुर और नंदीग्राम के लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारी मैं नहीं भूलूंगा।’

 

Related Posts