छत्तीसगढ़

पुराने विवाद में महिला की हत्या : ईंंट से हमला कर ली जान 

बलौदाबाजार। शहर में एक महिला की निर्मम हत्या के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पुराने विवाद के चलते आरोपी ने महिला पर ईंट से प्राणघातक हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस ने गंभीर अपराध पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में  धारा 103(1) में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवेन्द्र ध्रुव उर्फ डमरू 25 वर्ष पिता बिश्राम ध्रुव निवासी सिविल लाइन बलौदाबाजार के रूप में हुई है। मामले के प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पत्नी पुष्पा ध्रुव एवं आरोपी के बीच पूर्व में प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद था, जिसे लेकर परिवार द्वारा पहले भी समझाइश दी गई थी।

जानकारी के अनुसार, 11 जून को दोपहर बाद पुराने विवाद के चलते आरोपी ने बलौदाबाजार नगर स्थित घटनास्थल पर पुष्पा ध्रुव पर ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने महिला के चेहरे एवं सिर पर कई प्राणघातक वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और घटनास्थल पर ही उसकी मृत्यु हो गई।

घटना स्थल पर मिले कई साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया। विवेचना के दौरान प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज किए गए। साथ ही घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित ईंट, सीमेंट-कंक्रीट का टुकड़ा, खून लगी मिट्टी, सादी मिट्टी तथा मृतका की टूटी हुई चूड़ियों को विधिवत जब्त किया गया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूर्ण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके अलावा आरोपी के घटना के समय पहने हुए खून से सने कपड़ों को भी मेमोरेंडम कथन के आधार पर जब्त किया गया है।पुलिस के अनुसार पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को 12 जून को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

आरोपी को बख्शा नहीं जायेगा : एसपी

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा ने कहा कि जिले में महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों एवं गंभीर हिंसात्मक घटनाओं के मामलों में पुलिस पूरी कठोरता के साथ कार्रवाई करेगी तथा किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने त्वरित कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम की सराहना भी की।

Related Posts