बलौदाबाजार। जिला पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के देवघर में दबिश देकर अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक स्थायी वारंटी भी शामिल है। आरोपियों पर फर्जी एपीके फाइल के माध्यम से मोबाइल फोन हैक कर बैंक खातों से रकम निकालने का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल की टीम ने प्रकरण में धारा 318(4) बीएनएस एवं 335 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए झारखंड के देवघर जिले से दोनों आरोपी लाल मोहम्मद अंसारी उर्फ लालबाबू 35 वर्ष पिता रफीक मियां और मुस्तफा अंसारी 30 वर्ष पिता युसूफ अंसारी दोनों निवासी पंचरूखी, थाना मार्गोमुंडा, जिला देवघर झारखंड को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, संजय कॉलोनी बलौदाबाजार निवासी महेंद्र त्रिपाठी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से संदेश प्राप्त हुआ था। इसके बाद साइबर ठगों ने उनके भारतीय स्टेट बैंक, गार्डन चौक शाखा स्थित खाते से अलग-अलग किश्तों में कुल 3 लाख 74 हजार की धोखाधड़ी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी की राशि कोलकाता स्थित बंधन बैंक के एक खाते में स्थानांतरित की गई थी। यह खाता शौविक राजवंशी नामक व्यक्ति के नाम पर था। आगे की जांच में खुलासा हुआ कि यह खाता देवघर निवासी स्थायी वारंटी मुस्तफा अंसारी के कहने पर कमीशन के लालच में खुलवाया गया था।
झारखंड के देवघर जिले से पकड़े गए दोनों आरोपी
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने झारखंड के देवघर जिले में दबिश देकर गिरोह के सदस्य मुस्तफा अंसारी और लाल मोहम्मद अंसारी उर्फ लालबाबू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी पंचरूखी, थाना मार्गोमुंडा, जिला देवघर झारखंड के निवासी हैं। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
आरोपियों ने स्वीकारा रुपए ट्रांसफर करना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह का मुख्य सरगना एवं खातों का संचालन करने वाला व्यक्ति झारखंड के जामताड़ा क्षेत्र का निवासी है, जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने फर्जी एपीके फाइल खरीदकर लोगों के मोबाइल फोन का एक्सेस हासिल किया और उनके बैंक खातों से रकम निकालने की वारदातों को अंजाम दिया।
आरोपी 25 जून तक पुलिस रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपी लाल मोहम्मद अंसारी को झारखंड के मधुपुर न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर तथा स्थायी वारंटी मुस्तफा अंसारी को बलौदाबाजार लाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने आरोपियों को 25 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान साइबर ठगी के इस अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और बैंक खातों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।






