ताजा खबरें

 सीएम साय का कांग्रेस पर आरोप : कहा- कांग्रेस और मुस्लिम लीग में कोई अंतर नहीं

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को नई दिल्ली के दौरे पर रवाना हुए। रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए प्रस्थान करने से पूर्व उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए राष्ट्रगीत वंदे मातरम् पर कांग्रेस के रुख और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में सामने आए पेपर लीक प्रकरण पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।

कांग्रेस द्वारा वंदे मातरम् के केवल दो पद गाने के निर्णय पर मुख्यमंत्री साय ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति के कारण कांग्रेस और मुस्लिम लीग के रुख में अब कोई अंतर नहीं रह गया है।
CM साय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की तुष्टिकरण नीतियों के कारण ही अतीत में देश का विभाजन हुआ था।
उन्होंने रेखांकित किया कि वंदे मातरम् देश के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ा राष्ट्रगीत है, जिसे गाते हुए अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रगीत का सदैव पूर्ण सम्मान किया जाना चाहिए।

IGKV पेपर लीक, परीक्षा रद्द, 5-सदस्यीय जांच समिति गठित

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में प्रश्नपत्र लीक होने की घटना पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मामला पूरी तरह से शासन के संज्ञान में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित परीक्षा को तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिया गया है।
प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए 5-सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। जांच समिति की रिपोर्ट प्राप्त होते ही दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार परीक्षाओं की पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं करेगी।

दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से होगी विकास कार्यों पर चर्चा

अपने दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ के बुनियादी ढांचे, जनकल्याणकारी योजनाओं और लंबित विकास परियोजनाओं को लेकर केंद्रीय नेतृत्व के साथ विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।

Related Posts