दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में महापौर अलका बाघमार की गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें फैलने से ठीक पहले महापौर समय रहते वाहन से बाहर उतर चुकी थीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और वे बाल-बाल बच गईं।
उतरते ही धू-धू कर जलने लगी गाड़ी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महापौर अलका बाघमार जैसे ही अपनी गाड़ी से नीचे उतरीं, वैसे ही वाहन से अचानक आग की तेज लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई। अस्पताल व आसपास के इलाके में इस घटना से हड़कंप मच गया और तत्काल घटना की सूचना पुलिस तथा फायर ब्रिगेड को दी गई।
दमकल की टीम ने पाया काबू, वाहन जलकर खाक
सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
हादसे में किसी के हताहत न होने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है। फिलहाल वाहन में अचानक आग लगने का सही कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि प्राथमिक रूप से शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई जा रही है। पुलिस मामला दर्ज कर घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।






