छत्तीसगढ़

बालोद के जिला अस्पताल परिसर में देर रात घुसा भालू :  मची अफरा-तफरी, वन विभाग अलर्ट

बालोद। जिला मुख्यालय स्थित जिला अस्पताल परिसर में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रात करीब 1 बजे अचानक एक जंगली भालू घूमता हुआ नजर आया। अस्पताल जैसे संवेदनशील और 24 घंटे व्यस्त रहने वाले परिसर में भालू की मौजूदगी से वहां कर्मचारियों,  मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई।

अस्पताल परिसर में सुरक्षा पर उठे सवाल

जानकारी के अनुसार, भालू रात के अंधेरे में भटकते हुए अस्पताल परिसर के अंदर तक पहुंच गया। अचानक भालू को देखते ही परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग खुद को सुरक्षित करने के लिए इधर-उधर भागने लगे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में भालू ने किसी पर हमला नहीं किया और कोई भी घायल नहीं हुआ। हालांकि, इस घटना के बाद से जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।

वन विभाग को दी गई सूचना

घटना की भनक लगते ही इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम हरकत में आई। विभाग द्वारा क्षेत्र में भालू की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि उसे सुरक्षित तरीके से रिहाइशी इलाके से निकालकर वापस जंगल की ओर खदेड़ा जा सके।

वन विभाग की आम जनता से अपील

आबादी वाले क्षेत्र में भालू की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के निवासियों में चिंता का माहौल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है।

Related Posts