छत्तीसगढ़

कांकेर में अरहर की फसल के बीच गांजे की खेती का भंडाफोड़ : 4 लाख के पौधे बरामद, ग्रामीण गिरफ्तार

कांकेर। भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने भरसा तरहुल गांव में दबिश देकर अरहर की फसल के बीच की जा रही गांजे की खेती का पर्दाफाश किया है। मौके से 4 लाख रुपये से अधिक कीमत के गांजे के पौधे बरामद कर एक ग्रामीण को गिरफ्तार किया गया है।

अरहर के बीच छुपाए थे पौधे

पुलिस को सूचना मिली थी कि भरसा तरहुल का एक ग्रामीण अपने खेत में चोरी-छिपे गांजे की खेती कर रहा है। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने खेत में दबिश दी, तो देखकर हैरान रह गई। आरोपी ने पुलिस और स्थानीय लोगों की नजरों से बचने के लिए तुअर के पौधों के बीच गांजे के पौधे लगा रखे थे, ताकि दोनों की समानता का फायदा उठाकर किसी को शक न हो।

बाजार कीमत 4 लाख से अधिक आंकी गई 

मौके पर कार्रवाई पूरी करते हुए पुलिस ने गांजे के सभी पौधों को उखाड़कर जब्त कर लिया। जब्त किए गए पौधों का बाजार मूल्य 4 लाख रुपये से अधिक आंका गया है। आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि आरोपी यह अवैध कारोबार कब से चला रहा था? क्या इस नेटवर्क में कोई अन्य व्यक्ति या तस्कर भी शामिल है? पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में अवैध नशे की खेती और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

Related Posts