सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति, जयनगर में खाद घोटाले का मामला सामने आया है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर रेना जमील ने जांच के आदेश दिए थे। उप आयुक्त सहकारी समिति की टीम द्वारा की गई भौतिक जांच में कुल 6,405 बोरी खाद कम पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 74.66 लाख आंकी गई है।
गायब खाद का ब्योरा
समिति से गायब की गई खाद में डीएपी 1,356 बोरी, यूरिया 1,715 बोरी, एसएसपी पाउडर 429 बोरी और जिंक 123 बोरी गायब मिली है।
समिति प्रबंधक पर गिरी गाज
जांच टीम के प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समिति प्रबंधक श्यामलाल प्रजापति के खिलाफ आपराधिक न्यायभंग (विभागीय विश्वासघात) के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की सख्त व गैर-जमानती धारा 316 (5) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।






