ताजा खबरें

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिले मुख्यमंत्री साय : छत्तीसगढ़ से जुड़े मुद्दों पर की चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली दौरे के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ से जुड़े विभिन्न मुद्दों और प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब प्रदेश में बाढ़ की स्थिति और ओडिशा-छत्तीसगढ़ जल विवाद जैसे मुद्दे भी अहम बने हुए हैं।

प्रदेश के राजनीतिक हालात पर हुई बातचीत

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बीच प्रदेश की राजनीतिक स्थिति को लेकर विचार-विमर्श हुआ। संगठन से जुड़े विषयों और राज्य में पार्टी की गतिविधियों को लेकर भी चर्चा होने की जानकारी सामने आई है।

दिल्ली दौरे में जल विवाद भी अहम मुद्दा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिल्ली दौरे में ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच लंबे समय से चले आ रहे जल विवाद का मुद्दा भी महत्वपूर्ण है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में दोनों राज्यों के बीच इस विषय को लेकर बैठक प्रस्तावित है। दोनों राज्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान की दिशा में चर्चा होने की उम्मीद है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को लेकर भी सरकार की नजर

छत्तीसगढ़ में हालिया बाढ़ से कई जिले और गांव प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री पहले ही प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा ले चुके हैं। मकानों और अन्य नुकसान का सर्वे कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता देने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।

Related Posts