ताजा खबरें

मुख्यमंत्री साय ने ओमेगा मेडिसिन अस्पताल के कैंसर उपचार केंद्र का किया भूमिपूजन : बोले – मरीजों को मिलेंगी उच्चस्तरीय उपचार सुविधाएं 

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित ओमेगा मेडिसिन अस्पताल की नई स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और अत्याधुनिक कैंसर उपचार केंद्र के भूमिपूजन समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से मध्य भारत के एक बड़े मेडिकल हब के रूप में विकसित हो रहा है और राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, किफायती व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं अपने ही प्रदेश में उपलब्ध कराना है।

कैंसर उपचार में बड़ी राहत

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए मरीजों और उनके परिवारों को दूसरे राज्यों में भटकना न पड़े, इसके लिए रायपुर में आधुनिक ऑन्कोलॉजी सेंटर की यह पहल एक मील का पत्थर साबित होगी। इससे मरीजों को अपने परिजनों के बीच रहते हुए विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

स्वास्थ्य सेवाओं का विकेंद्रीकरण

राज्य सरकार द्वारा केवल बड़े शहरों तक ही नहीं, बल्कि प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों और सुदूर जनजातीय अंचलों (जैसे अबूझमाड़) तक स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है।

आयुष्मान भारत और विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना और राज्य की मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से गरीब व जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मजबूत आर्थिक सुरक्षा मिल रही है, जिससे इलाज के अभाव में किसी को परेशान न होना पड़े।

नवा रायपुर में मेडिसिटी और फार्मा पार्क

छत्तीसगढ़ को चिकित्सा निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए नवा रायपुर में 200 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक मेडिसिटी और फार्मा पार्क विकसित किया जा रहा है, जिससे मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

निजी निवेश को प्रोत्साहन

स्वास्थ्य क्षेत्र में निजी भागीदारी और आधुनिक संस्थानों के विस्तार से चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर हो रही है और रोजगार के नए द्वार खुल रहे हैं।

Related Posts