जगदलपुर। अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी की टीम ने भिलाई के तस्कर को गिरफ्तार कर 20 पेटी शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत 1 लाख 28 हजार रुपए आंकी गई है। शराब तस्करी की सूचना पर जिला आबकारी अधिकारी अमन सिंह के मार्गदर्शन में टीम ने भानपुरी थाना क्षेत्र के कुंभारपाल चौक के पास नाकाबंदी कर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान 180 लीटर विदेशी शराब से भरी टाटा आरिया गाड़ी जब्त की। जब्त शराब की बाजार कीमत करीब 1 लाख 28 हजार रुपए बताई गई है। वहीं वाहन की कीमत करीब 7 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस को देख वाहन लेकर भाग रहा था चालक
आबकारी टीम की नाकाबंदी को देखकर वाहन चालक वाहन मोड़कर भागने लगा। टीम ने पीछा करते हुए रायपुर-जगदलपुर मार्ग पर ग्राम सोनारपाल के बोर्ड के पास वाहन को रोक लिया, लेकिन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मौके पर मौजूद दूसरे व्यक्ति से पूछताछ में उसकी पहचान देवेंद्र कुमार जांगड़े 33 वर्ष निवासी सुपेला भिलाई जिला दुर्ग के रूप में हुई। उसने वाहन में शराब होने की बात स्वीकार की।
20 कार्टूनों में थी 1000 बोतलें
पूछताछ में बताया गया कि वाहन में जोगेंद्र कश्यप उर्फ जोगी शराब लोड कर परिवहन कर रहा था। वाहन की तलाशी लेने पर पीछे की सीट पर पांच कार्टून और डिक्की में 15 कार्टून मिले। इनमें कुल 20 काटूर्नों में 1000 बोतल शराब जब्त की गई। जब्त शराब पर गोवा स्पिरिट्स ऑफ स्मूथनेस ब्रांड का लेबल लगा था, जो मध्यप्रदेश में निर्मित थी और बिक्री के लिए नॉन ड्यूटी पेड थी।
आबकारी अधिनियम के तहत विवचेना जारी
आबकारी विभाग ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 और 59-क के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वहीं फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।






