रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के देवपुरी में निर्मित 125 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी प्रथमेश हॉस्पिटल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अस्पताल की आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया और अस्पताल प्रबंधन व चिकित्सकों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव हैं। राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेशवासियों को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इन निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ आज मध्य भारत के प्रमुख मेडिकल हब के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है।
स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दूसरे राज्यों में न जाना पड़े, इसके लिए छत्तीसगढ़ में ही विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इससे न केवल छत्तीसगढ़ के नागरिकों को बल्कि पड़ोसी राज्यों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा।
हेल्थकेयर इकोसिस्टम और रोजगार
सरकारी और निजी क्षेत्रों के समन्वित प्रयासों से एक मजबूत हेल्थकेयर इकोसिस्टम तैयार हो रहा है, जिससे चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मियों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
आयुष्मान भारत योजना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाई जा रही आयुष्मान भारत योजना से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए बड़ी आर्थिक सुरक्षा मिली है। डबल इंजन सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि आर्थिक अभाव किसी के इलाज में बाधा न बने।
नवा रायपुर में मेडिसिटी
छत्तीसगढ़ को चिकित्सा निवेश और स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए नवा रायपुर में 200 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक ‘मेडिसिटी’ विकसित की जा रही है, जिससे मेडिकल टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा।






