छत्तीसगढ़

बलौदाबाजार में मां और दो मासूम बच्चों के शव मिले : जहर खाने की आशंका, पति की दूसरी शादी से तनाव में थी महिला

बलौदाबाजार। जिले के गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुकली में शुक्रवार सुबह एक घर के कमरे से महिला और उसके दो बच्चों के शव मिले। मृतकों में युक्ति मानिकपुरी 28 तथा उसके दो बेटे चिरंजीव मानिकपुरी 10 और दिव्यांश मानिकपुरी 5 शामिल हैं। शुरुआती जांच में जहर खाने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे महिला और दोनों बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई और तीनों बेहोशी की हालत में पाए गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए कसडोल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर गिरौदपुरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पति की दूसरी शादी के बाद थी मानसिक तनाव में

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका युक्ति मानिकपुरी का अपने पति संजय मानिकपुरी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पति की दूसरी शादी के बाद से वह मानसिक तनाव और परेशानी में थी। पुलिस इस पारिवारिक विवाद को घटना की संभावित वजह मानकर चल रही है, हालांकि हर पहलू से जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम से होगा खुलासा

महिला के ससुर चैनदास मानिकपुरी 50 की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एडिशनल एसपी खोमान लाल सिन्हा ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा और पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

Related Posts