छत्तीसगढ़

उत्पाती हाथी कबरा पकड़ा गया :  अब तक 19 ग्रामीणों की ले चुका है जान

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले के जंगल में छह महीनों से उत्पात मचाने वाला कबरा हाथी को वन विभाग की टीम ने ट्रेंकुलाइज कर लिया। रामगढ़ पहाड़ी के नीचे बुधवार सुबह विशेषज्ञों ने दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों की मदद से उसे बेहोश करने में सफलता हासिल की। इस हाथी ने अब तक 19 लोगों की जान ले चुका है। फिलहाल वन विभाग की टीम उसे रेडियो कॉलर पहनाने और सुरक्षित रेस्क्यू सेंटर पहुंचाने की तैयारी में है।

विदित हो कि कबरा हाथी को पकड़ने वन विभाग की टीम कई दिनों से निगरानी कर रही थी। 17 हाथियों के झुंड में शामिल होने के कारण उसे सुरक्षित तरीके से ट्रेंकुलाइज करना काफी चुनौतीपूर्ण था। मंगलवार रात हाथियों का दल सरमा-चकेरी और तेंदूटिकरा के जंगलों में पहुंचा। इसके बाद बुधवार सुबह वन विभाग की टीम कुमकी हाथियों दुर्योधन और तीरथ के साथ रामगढ़ पहाड़ी के नीचे पहुंची। मौके पर मौजूद वन्यजीव चिकित्सक ने ट्रेंकुलाइजर गन से कबरा को डॉट मारा। दवा का असर होते ही हाथी बेहोश हो गया।

पहले भी कोशिश की गई, इस बार मिली सफलता

कबरा को काबू करने के लिए वन विभाग की टीम पहले भी कई बार प्रयास कर चुकी थी। सोमवार को भी कुमकी हाथियों की सहायता से उसे ट्रेंकुलाइज करने की कोशिश की गई थी, लेकिन निशाना चूक जाने के कारण अभियान सफल नहीं हो पाया। इसके बाद टीम ने उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी और सही मौके का इंतजार किया। छह दिनों से चल रहे विशेष अभियान के बाद बुधवार को आखिरकार सफलता मिली है।

Related Posts