रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात बच्चे की खरीदी मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान अहिल्या नामदेव, दीपिका नाग और कृतिका साहू के रूप में हुई है, जिसमें दो रायपुर और एक भिलाई की रहने वाली है।
ओडिशा की महिला को बनाया था बंधक
पुलिस ने बताया कि ओड़िशा की गर्भवती महिला की पहचान रायपुर की कृतिका साहू से फोन पर हुई, जिसने रायपुर में नि:शुल्क प्रसव और इलाज का कराने का भरोसा दिलाया। पीड़ित महिला कृतिका साहू पर विश्वास जताते हुए ओडि़शा से रायपुर पहुंची, जहां कृतिका ने उसे गुढ़ियारी के गोगांव में रूकवाया। प्रसव के दौरान कृतिका ने उसके प्रसव का पूरा खर्च भी उठाया। इसके बाद कृतिका और उसके दो सहयोगी महिलाओं ने पीड़िता के बच्चे को एक नि:संतान दंपत्ति को बेचने का सौदा किया।
थाना में पुलिस को आप बिती बतायी पीड़िता ने
पीड़िता ने जब बच्चा बिक्री का विरोध किया तो आरोपी तीनों महिलाओं ने उसे प्रसव और दवाई का खर्चा पूरा करने के लिए बच्चे की बिक्री करना बताया, इसके बावजूद भी पीड़ित महिला बच्चे की बिक्री का विरोध करते रही, तो तीना आरोपी महिलाओं ने उसे बंधक बना लिया। पीड़ित महिला किसी तरह आरोपियों की नजरों से बचकर थाना पहुंची और पुलिस को आप बिती बतायी, जहां पुलिस सक्रिय हुई और तीनों महिलाओं को गिरफ्तार किया और पूछताछ की।
बच्चे की खरीद-फरोख्त के लिए किया जाता था फर्जी जन्म प्रमाण पत्र का उपयोग
पुलिस ने मुख्य आरोपी के पास से 20 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बरामद किया है, जिनका इस्तेमाल बच्चों की अवैध खरीद-फरोख्त और फर्जी पहचान छिपाने के लिए किया जाता था। इसके अलावा इस अवैध कारोबार में दो निजी अस्पताल भी संदेह के घेरे में आए हैं, जिनके प्रसव रिकॉर्ड और दस्तावेजों की पुलिस बारीकी से जांच कर रही है।






