रायपुर। प्रदेश में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान और तकनीकी नवाचार को जनकल्याण से जोड़ने के लिए राज्य सरकार ने बड़े कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, सिकॉस्ट और रीजनल साइंस सेंटर के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उप मुख्यमंत्री एवं विभागीय मंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर में प्रस्तावित साइंस सिटी की स्थापना की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। इस साइंस सिटी में 7-डी थिएटर, टाइम मशीन सिम्युलेटर, प्लेनेटेरियम, स्पेस एंड एस्ट्रोनॉमी गैलेरी और रिन्यूएबल एनर्जी पार्क विकसित किए जाएंगे। श्री शर्मा ने कहा कि यह केंद्र विज्ञान प्रेमियों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी बड़ा आकर्षण बनेगा। इसके अलावा सूरजपुर जिले के मायापुर (कर्क रेखा क्षेत्र) में प्रस्तावित एस्ट्रो साइंस पार्क के निर्माण और विज्ञान केंद्र में बन रही एआई गैलरी पर भी चर्चा हुई।
युवाओं को शोध और पेटेंट के लिए प्रोत्साहन
श्री साय ने छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सिकॉस्ट) की केंद्रीय प्रयोगशालाओं को प्रदेश के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि छात्रों को शोध का सीधा लाभ मिल सके। साथ ही, युवा नवाचारकर्ताओं और शोधकर्ताओं को पेटेंट एवं बौद्धिक संपदा अधिकार दिलाने में हरसंभव मार्गदर्शन देने को कहा गया। इसके लिए विभाग ने एक टोल-फ्री नंबर भी जारी किया है।
प्रशासनिक कार्यों में तकनीक और गांवों में चलित बस
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बाढ़ व आपदा प्रबंधन, निर्माण कार्यों की निगरानी, राजस्व निरीक्षण और भू-अभिलेख प्रबंधन में आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जाए। वहीं, ग्रामीण व दूरस्थ अंचलों के बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए ‘चलित विज्ञान जागरूकता बस’ के संचालन पर भी जोर दिया गया।






