छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री साय ने कोंडानार प्रीमियम राइस का किया शुभारंभ : सुदूर अंचल के 730 किसानों के धान को मिलेगा नये बाजार की पहचान

फरसगांव। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को जिले के ग्राम धनोरा से कोंडानार प्रीमियम राइस की शुरुआत की। इस पहल के माध्यम से सुदूर वनांचल के ग्राम बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा के लगभग 730 किसानों द्वारा बिना रासायनिक खाद के परंपरागत तरीके से उत्पादित धान को नये बाजार की पहचान मिलेगी। किसानों के धान का प्रसंस्करण, ग्रेडिंग और आकर्षक पैकेजिंग कर कोंडानार प्रीमियम राइस ब्रांड के नाम से बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा।

जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ अंचल के किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाना और बिचौलियों पर निर्भरता कम करना है। इसके लिए छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत उड़ान प्रोड्यूसर महिला कृषक कंपनी के माध्यम से धान का संग्रहण, प्रसंस्करण एवं विपणन किया जाएगा।

इन गांवों के किसान लंबे समय से प्राकृतिक संसाधनों और परंपरागत कृषि पद्धतियों के आधार पर धान उत्पादन कर रहे हैं। हालांकि बाजार तक सीमित पहुंच के कारण उन्हें अपनी उपज का अपेक्षित मूल्य नहीं मिल पाता था। अब उत्पाद को सीधे संगठित बाजार व्यवस्था से जोड़ने पर किसानों को मूल्य संवर्धन का लाभ मिलने के साथ उनकी आय बढ़ाने के नए अवसर मिलेंगे।

इस पहल में बिहान से जुड़ी स्वसहायता समूह की महिलाओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उड़ान प्रोड्यूसर महिला कृषक कंपनी के माध्यम से महिलाएं धान की प्रोसेसिंग, गुणवत्ता, पैकेजिंग और विपणन गतिविधियों में भागीदारी निभाएंगी। इससे ग्रामीण महिलाओं को कृषि आधारित उद्यमिता और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे तथा उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।

‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ के माध्यम से कोण्डागांव की परंपरागत कृषि विरासत को विशिष्ट ब्रांड के रूप में पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। यह पहल स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन, किसानों की आर्थिक मजबूती और महिला सशक्तीकरण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

Related Posts