महाराष्ट्र

शिवपुरी में भाजपा विधायक के बेटे ने थार से 5 लोगों को रौंदा :  वीडियो में घायलों को ही सुनाने लगा खरी-खोटी

शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में सत्ता के नशे और बेलगाम रफ्तार का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहाँ भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने अपनी थार गाड़ी से 5 लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में पाँचों लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद विधायक के बेटे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह सहानुभूति जताने के बजाय घायलों पर ही चिल्लाता नजर आ रहा है।

वायरल वीडियो : “सायरन बजाया, फिर भी क्यों नहीं हटे?”

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दिनेश लोधी का वीडियो बना लिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि दिनेश अपनी गलती मानने के बजाय घायलों को ही जिम्मेदार ठहरा रहा है। वह कह रहा है— “जब मैं हॉर्न दे रहा हूँ और सायरन बजा रहा हूँ, तो गाड़ी को लहरा क्यों रहे हो? तीन-तीन लोग बैठकर गाड़ी लहराओगे तो और क्या होगा!”

इस पर जब मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने पूछा कि जो लोग पैदल चल रहे थे, क्या वे भी गाड़ी लहरा रहे थे? इस सवाल पर विधायक का बेटा निरुत्तर हो गया और कैमरा बंद करने की जिद करने लगा।

विधायक प्रीतम लोधी की प्रतिक्रिया

मामला बढ़ता देख विधायक प्रीतम लोधी ने सोशल मीडिया पर अपनी सफाई पेश की है। उन्होंने कहा कि उनके लिए कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह उनका बेटा ही क्यों न हो। विधायक ने कहा, *”कानून सबके लिए बराबर है, पुलिस को अपना काम करना चाहिए और दोषी पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए।”*

पुलिसिया कार्रवाई

विधायक के बयान और सोशल मीडिया पर बढ़ते आक्रोश के बाद पुलिस ने दिनेश लोधी के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और लोगों को घायल करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Related Posts