वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के साथ जारी तनाव के बीच एक बड़ा बयान दिया है। CNBC के ‘स्क्वॉक बॉक्स’ कार्यक्रम में इंटरव्यू के दौरान ट्रम्प ने दावा किया कि उनकी रणनीतियों ने ईरान में सत्ता की स्थिति बदल दी है और अब तेहरान के पास समझौता करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
सीजफायर को आगे नहीं बढ़ाएंगे : ट्रम्प
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर डील नहीं हुई, तो अमेरिकी सेना हमले के लिए पूरी तरह तैयार है और आदेश मिलते ही कार्रवाई कर सकती है। ट्रम्प ने साफ किया कि वह सीजफायर को आगे नहीं बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा, हमारे पास ज्यादा समय नहीं है। ट्रम्प ने बताया कि सीजफायर के दौरान अमेरिका ने अपनी सैन्य ताकत बढ़ाई है। उन्होंने कहा, हमारे पास बहुत ज्यादा गोला-बारूद है, हमने इस समय का इस्तेमाल तैयारी में किया।
दूसरी ओर, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस आज पाकिस्तान के लिए रवाना होने वाले हैं। वेंस के साथ विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और डोनाल्ड ट्रम्प के दामाद जेरेड कुशनर भी पाकिस्तान पहुंचेंगे।
धीमी आवाजाही
सोमवार को होर्मुज स्ट्रेट से सिर्फ 16 जहाज गुजरे। मरीन ट्रैफिक डेटा के मुताबिक, सोमवार को 9 जहाज होर्मुज में दाखिल हुए, जिनमें 2 ईरानी झंडे वाले जहाज थे, जिनमें से एक तेल टैंकर था। वहीं 7 जहाज बाहर निकले, जिनमें एक ईरानी कार्गो जहाज शामिल था।
लेबनान-इजराइल वार्ता
इजराइल और लेबनान के बीच बातचीत का दूसरा दौर 23 अप्रैल को तय किया गया है। इससे पहले 16 अप्रैल को दोनों देशों की बातचीत हुई थी जिसमें दोनों देशों ने 10 दिनों के लिए सीजफायर पर सहमति जताई थी।
ईरानी जहाज सीज
अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश कर रहे टूस्का नाम के एक ईरानी जहाज को पकड़ लिया। यह चीन से लौट रहा था। ईरान ने इस पर नाराजगी जताई और अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।






