मध्यप्रदेश

धार में सड़क हादसा : पिकअप और स्कॉर्पियो की टक्कर में 16 मजदूरों की मौत, कई गंभीर

धार। इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार रात एक ह्रदयविदारक सड़क हादसा हुआ। जिले के तिरला थाना क्षेत्र के अंतर्गत चिकलिया फाटे के पास मजदूरों से भरी एक पिकअप और स्कॉर्पियो के बीच हुई भिड़ंत में अब तक 16 लोगों की जान जा चुकी है। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए मृतकों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

रात के अंधेरे में मची चीख-पुकार

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना रात करीब 8.15 से 8.20 बजे के बीच हुई। मजदूरों से भरी पिकअप अचानक असंतुलित होकर सामने से आ रही स्कॉर्पियो से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप पलट गई और उसमें सवार मजदूर वाहन के नीचे दब गए।

घटना के तुरंत बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। 5 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि अन्य की मौत अस्पताल ले जाते समय और उपचार के दौरान हुई।

प्रशासनिक मुस्तैदी और चिकित्सा सहायता

हादसे की सूचना मिलते ही तिरला पुलिस और जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुँचे। घायलों को तत्काल धार जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ बड़ी संख्या में हताहतों के पहुँचने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गंभीर रूप से घायल 7 लोगों को बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है।लगभग 15 घायलों का इलाज स्थानीय जिला अस्पताल और 6 अन्य का निजी अस्पतालों में चल रहा है।

मुख्यमंत्री यादव ने जताया दुख, आर्थिक सहायता का ऐलान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार के लिए इंदौर के संभागायुक्त और आईजी को तत्काल धार पहुँचने के निर्देश दिए। साथ ही शासन की ओर से मुआवजे की घोषणा की गई है, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये और सामान्य घायलों को: 50-50 हजार रुपये।

क्षेत्र में मातम का माहौल

प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जाँच की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में मातम का माहौल है और घायलों की जान बचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Posts