रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि हमारा संविधान केवल अधिकारों और कर्तव्यों का दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के आदर्शों पर आधारित सशक्त राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शक है। संविधान निर्माताओं ने ऐसे भारत की कल्पना की थी, जहाँ प्रत्येक नागरिक को सम्मान, समान अवसर और विकास में भागीदारी मिले। हमारी सरकार इन्हीं संवैधानिक मूल्यों को सुशासन का आधार बनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री श्री साय राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक भवन में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित सभी संविधान निर्माताओं के अमूल्य योगदान का स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बाबा साहेब के जीवन, विचारों और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया। साथ ही ‘संविधान से सुशासन तक : बाबा साहेब के सपनों का सशक्त छत्तीसगढ़’ पुस्तक का विमोचन किया।
संविधान ने हर नागरिक को दिया समान अधिकार और आगे बढ़ने का अवसर
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत हमारा संविधान भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज से आने वाली राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आसीन होना इसी भावना का सशक्त उदाहरण है। उनका जीवन संघर्ष, परिश्रम और लोकतंत्र में उपलब्ध समान अवसरों की प्रेरणादायी मिसाल है।
लोकतंत्र की रक्षा के लिए हुए संघर्षों को याद रखना जरूरी
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकार हमारे संविधान की अमूल्य देन हैं। उन्होंने वर्ष 1975 के आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में नागरिक स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध लगाए गए। लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले हजारों लोगों को जेल जाना पड़ा।
समान नागरिक संहिता से सुरक्षित रहेंगी जनजातीय परंपराएँ
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में समिति का गठन किया गया है। उन्होंने जनजातीय समाज की आशंकाओं को दूर करते हुए स्पष्ट किया कि जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। समान नागरिक संहिता के प्रावधानों से इन परंपराओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
बाबा साहेब की विरासत भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत : सांसद संतोष पांडेय
राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि संविधान गौरव दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और स्वाभिमान का अवसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की गौरवशाली विरासत और महान विभूतियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए अनेक पहल की गई हैं। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन से जुड़े पंचतीर्थों के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे उनके विचारों और योगदान को व्यापक पहचान मिली है।
संविधान के प्रति जागरूकता प्रत्येक नागरिक का दायित्व : पूर्व न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति श्री गौतम भादुड़ी ने कहा कि हमारा संविधान एक जीवंत दस्तावेज है, जो नागरिकों को मौलिक अधिकार प्रदान करने के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता और संविधान निर्माण में योगदान देने वाले ज्ञात-अज्ञात महानायकों के संघर्ष और बलिदान से नई पीढ़ी को परिचित कराना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।






