रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सुशासन, जनकल्याण और समृद्धि के नए संकल्पों के साथ विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाते हुए प्रदेश के तीन करोड़ नागरिकों के जीवन में खुशहाली और समृद्धि लाना है।
मुख्यमंत्री श्री साय आईएनडी-24 न्यूज चैनल के विशेष कार्यक्रम ‘मुख्यमंत्री जी से संवाद – छत्तीसगढ़ के विकास का विजन’ में प्रदेश के विकास और भविष्य की कार्ययोजना पर अपने विचार साझा कर रहे थे। उन्होंने सरकार की तीन वर्षों की उपलब्धियों, प्रधानमंत्री की गारंटियों के क्रियान्वयन, औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन, महिला सशक्तीकरण, कृषि विकास, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा बस्तर में शांति और विकास के नए दौर सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से मजबूत हो रही उपचार व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है।
रोजगार के साथ उद्यमिता और नवाचार को प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को केवल रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें उद्यमी और रोजगार प्रदाता बनाने की दिशा में भी कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के अंतर्गत पांच हजार स्टार्टअप प्रारंभ करने का लक्ष्य रखा गया है।






