मध्यप्रदेश

जबलपुर के बरगी डैम में डूब गया क्रूज : समंदर की तरह तेज हवा से उठी ऊंची-ऊंची लहरें, 30 सेकंड में पानी के अंदर समा गया

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में पलटे क्रूज का आखिरी वीडियो सामने आया है। क्रूज पर लगभग 40 लोग सवार थे। डैम से अब तक 9 लोगों के शव मिले हैं। वहीं 22 लोगों को बचा लिया गया है। हादसे का वीडियो रौंगटे खड़ा करने वाला है, जाे 30 सेकंड के अंदर पूरा क्रूज बोट पानी के अंदर समा गया।
तेज हवा की गर्जना

तट पर मौजूद पर्यटकों ने क्रूज के पलटने का वीडियो रिकॉर्ड किया है। वीडियो में दिख रहा है कि हादसे के वक्त क्रूज के साथ-साथ एक अन्य बोट भी डैम में मौजूद था। उस बोट में भी कुछ यात्री सवार थे, लेकिन वे सभी सुरक्षित हैं। वीडियो देखने पर तेज हवा की गर्जना सुनाई दे रही है। देखने से ऐसा लग रहा है मानो डैम में तूफान आ गया हो। मौसम विभाग ने भी कहा है कि डैम एरिए में हवा की गति 60-65 किमी थी, जबकि शहरी क्षेत्र में हवा 30-35 की स्पीड से चल रही थी।

समंदर की तरह उठ रही थीं लहरें

अक्सर देखा जाता है कि डैम का पानी स्थिर रहता है। हवाएं चलती हैं तो इसमें लहरें उठती हैं। जब लहरें ज्यादा उठती हैं तो बरगी डैम के अंदर बोटिंग नहीं होती है। क्योंकि, इससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। गुरुवार को भी मौसम विभाग की तरफ से अलर्ट जारी था। इसके बावजूद पर्यटकों को लेकर क्रूज गया। क्रूज डूबने का जो वीडियो सामने आया है, उसमें दिख रहा है कि डैम में तेज हवा की वजह से समंदर की तरह लहरें उठ रही थीं। ऐसे में क्रू मेंबर और पायलट के लिए क्रूज को संभालना मुश्किल हो रहा था।

क्रूज 30 सेकंड में डूब गया

वीडियो में दिख रहा है कि तूफानी हवाओं से पहले क्रूज पलटता है। इसके बाद धीरे-धीरे कर पानी में समाने लगता है। 30 सेकंड होते-होते लोगों की आंखों से पूरा क्रूज ओझल हो जाता है। साथ ही वह पानी के अंदर समा जाता है। जिससे डैम के पास चीख पुकार मच जाती है। वीडियो दूर से रिकॉर्ड किया गया है। इसकी वजह से उसमें सवार यात्रियों की आवाज नहीं सुनाई दे रही थी।

क्रूज की क्षमता है 70 यात्रियों की

जानकारी के अनुसार क्रूज 20 साल पूराना बताया जा रहा है, जिसकी क्षमता 70 यात्रियों की है। पर्यटन विकास निगम इसका संचालन करता है। ऐसे में क्रूज पर क्षमता से अधिक लोग सवार नहीं थे। हादसे की वजह मौसम को ही माना जा रहा है।

अभी तक नौ लोगों के शव मिले

गौरतलब है कि इस हादसे में अभी तक डैम से 9 लोगों के शव मिले हैं। नौ लोग अभी भी लापता बताये जा रहे हैं। अब तक 24 लोगों के शव निकाले गए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए आर्मी की टीम भी मौजूद है। मृतक के शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

CM मोहन यादव ने जताया दुख

जबलपुर के बरगी बांध में हुए इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा-

“इस दर्दनाक हादसे में हुई जनहानि अत्यंत पीड़ादायक है। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य दे।”

Related Posts