ताजा खबरें

मुख्यमंत्री की सादगी ने जीता दिल : सुशासन तिहार’ में CM साय ने स्वयं करणी उठाकर जोड़ी ईंटें, भावुक हुए ग्रामीण

पत्थलगांव। ‘सुशासन तिहार 2026’ के जरिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं मैदानी स्तर पर पहुँच  कर जनता से सीधा संवाद कर रहे हैं। इसी कड़ी में जशपुर जिला प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री का एक बेहद मानवीय और प्रेरणादायक रूप सामने आया, जिसने ग्रामीणों को भावुक कर दिया।

निर्माणाधीन मकान देख अचानक रुके मुख्यमंत्री

विकासखंड पत्थलगांव के ग्राम भैंसामुड़ा में उस वक्त एक अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बन रहे घरों का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। गांव से गुजरते समय जैसे ही मुख्यमंत्री की नजर हितग्राही अनुसुइया पैंकरा के निर्माणाधीन मकान पर पड़ी, उन्होंने तुरंत अपना वाहन रुकवाया और सीधे निर्माण स्थल पर पहुंच गए। वहां उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया।

श्रम का सम्मान: जब खुद राजमिस्त्री बने CM साय

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां काम कर रहे श्रमिकों से बेहद आत्मीय बातचीत की, उनके परिश्रम की सराहना की और कहा कि प्रदेश के निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। संवाद के दौरान ही मुख्यमंत्री साय ने सादगी की मिसाल पेश करते हुए स्वयं करणी (राजमिस्त्री का औजार) उठा ली और सीमेंट-गारा लगाकर ईंट जोड़ने का काम शुरू कर दिया। मुख्यमंत्री को अपने घर के निर्माण में इस तरह हाथ बंटाते देख हितग्राही और वहां मौजूद ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। यह दृश्य केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता का प्रतीक बन गया।

वर्षों पुराना पक्के घर का सपना अब पूरा हो रहा

मेरा वर्षों पुराना पक्के घर का सपना अब पूरा हो रहा है। मुख्यमंत्री जी का हमारे घर आकर खुद काम करना हमारे पूरे परिवार के लिए बेहद गौरव का क्षण है। प्रधानमंत्री आवास योजना से मिल रहा यह घर हमें सुरक्षा और सम्मान देगा।

अनुसुइया पैंकरा, भावुक हितग्राही

श्रमिकों से संवाद और योजनाओं की जानकारी

मुख्यमंत्री साय ने निर्माण कार्य में लगे चंदागढ़ के राजमिस्त्री मोहन चक्रेश से भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मोहन के रोजगार, मजदूरी और पारिवारिक स्थिति का हालचाल जाना और उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री के इस सहज और संवेदनशील व्यवहार ने ग्रामीणों के बीच शासन के प्रति विश्वास को और मजबूत कर दिया है।

मौके पर मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और अधिकारी

इस पूरे वाकये के दौरान क्षेत्र की विधायक गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास सहित जिला प्रशासन के आला अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।

Related Posts