लवन। बलौदाबाजार जिले में नशे के सौदागरों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ लवन पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लवन पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से 10 किलो से अधिक अवैध मादक पदार्थ गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पल्सर बाइक जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर मेन रोड लवन में घेराबंदी
जानकारी के अनुसार 27 मई को लवन पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल सवार दो युवक भारी मात्रा में गांजा लेकर ग्राहक की तलाश में मेन रोड लवन के पास घूम रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना लवन की पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेहियों को रोका।
जब्त गांजा की कीमत एक लाख आंकी गई
पुलिस टीम द्वारा जब दोनों संदिग्ध लखन वर्मा 25 वर्ष और मुकेश कुमार ध्रुव 23 वर्ष दोनों निवासी- ग्राम छांछी थाना कसडोल की पल्सर बाइक की तलाशी ली गई, तो उनके पास मौजूद पिट्ठू बैग से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस द्वारा तौल कराने पर गांजे का कुल वजन 10.204 किलो पाया गया, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1,00,000 आंकी गई है। वहीं पल्सर बाइक और दो मोबाइल भी जब्त किया गया है। लवन पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना धारा 20(बी)एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध गिरफ्तार कर जेल भेजा है।






