भाटापारा। गुरुवार की रात एक बजे के आसपास हटरीबाजार अंडरब्रिज रेलवे फाटक के पास जैसे सघन इलाके में एक मोबाइल शाप और कपड़े की दुकान में आग लग जाने से दुकान के अंदर रखे मोबाइल और कपड़ा पूरी तरह जलकर खाक हो गया। उक्त दुकान जहां थी, वह तीन मंजिला बिल्डिंग थी। आगजनी के बाद पूरी इमारत भरभरा कर गिर गई। इस अग्निकांड में आसपास के लोगों को कोई क्षति नहीं पहुंची, किन्तु जिस दुकान में आग लगी वह दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
ज्ञात हो कि जिस स्थान पर आगजनी हुई उसके आसपास भी दुकानें और घर है। वहीं दुकान के ठीक पीछे के हिस्से में श्यामसुन्दर मेडिकल स्टोर्स है। रात्रि पहर हुए इस भीषण अग्निकांड में उक्त बिल्डिंग में गणेश मोबाइल व बालचंदबतरा कपड़ा की दुकान थी।
दोनों दुकानों को लगभग 30 लाख नुकसान का अनुमान
इस आगजनी में लगभग 25 से 30 लाख के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है, जिसमें 20 से 25 लाख का नुकसान कपड़ा दुकान के होने का अंदाजा है। घटना के संबंध में आगजनी होने की जानकारी आस पड़ोस वालों ने शहर थाना को दी। मौके पर एसडीओपी तारेश साहू, शहर टीआई अमित पाटले व पुलिस टीम घटना स्थल पहुंची।
चार घंटे की मशक्कत बाद आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष अश्वनी शर्मा रात्रि में ही घटना स्थल पहुंचे और आग बुझाने फायर टीम को निर्देशित किया। आग को बुझाने नगरपालिका का फायर वाहन जुटा रहा। लगभग तीन से चार घंटे की मशक्कत बाद आग पर काबू पाया गया। इस आगजनी की घटना में कोई और नुकसान नहीं हुआ, लेकिन जिस इलाके में यह घटना घटित हुई, वह काफी सघन इलाका है।
शार्ट सर्किट से लगी आग
अगर आग जल्दी नहीं बुझायी जाती तो घटना और भी बड़ी हो सकती थी। प्रशासनिक पहल और फायर ब्रिगेड सही समय पर आग पर नियंत्रण पा लिया। उक्त आगजनी शार्ट सर्किट के चलते होने का अंदाजा है, क्योंकि भीषण गर्मी के चलते हुए शार्ट सर्किट की निकली चिंगारी ने पूरी दुकान को चपेट में ले लिया।






