छत्तीसगढ़

जगदलपुर से महाराष्ट्र तक अब पहुंचना होगा आसान : पहाड़ों को काटकर बनाया जा रहा एनएच-130 डी मार्ग 

जगदलपुर। बस्तर के जिस इलाके का नाम सुनते ही कभी नक्सलियों का खौफ लोगों के चेहरों पर नजर आने लगता था, जहां जाने से लोग कतराते थे और मुंह खोलने तक से डरते थे, अब उसी इलाके में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।

नारायणपुर जिले के अति नक्सल प्रभावित आकाबेड़ा और कुतुल तक सड़क पहुंचाने के लिए पहाड़ों को काटकर रास्ता तैयार किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग कोण्डागांव द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130 डी का निर्माण कराया जा रहा है। यह सड़क नारायणपुर से आकाबेड़ा और कुतुल होते हुए महाराष्ट्र की सीमा तक पहुंचेगी।

सड़क निर्माण पूरा होने के बाद इस दुर्गम इलाके में भारी वाहनों सहित अन्य वाहनों की आवाजाही आसान हो सकेगी। दरअसल वर्ष 2019 में केंद्र सरकार ने नारायणपुर से महाराष्ट्र को जोड़ने वाले इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130 डी घोषित किया था। इसके बाद से ही क्षेत्र में सड़क निर्माण की दिशा में प्रयास तेज हुए। नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों की सक्रियता बढ़ने और विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा कैंप स्थापित होने से उन क्षेत्रों तक पहुंच संभव हो पाई है, जहां पहले जाना भी चुनौतीपूर्ण माना जाता था। अब सड़क निर्माण के लिए दुर्गम पहाड़ियों को काटकर रास्ता बनाया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग के एसडीओ अपने उपयंत्री के साथ निर्माण कार्य की निगरानी में जुटे हुए हैं।

बेहतर भविष्य की दिखाई उम्मीद

इस सड़क का निर्माण केवल आवागमन की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वर्षों से अलग-थलग पड़े गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने की उम्मीद भी लेकर आया है। आकाबेड़ा के ग्रामीणों ने कहा कि गांव तक सड़क पहुंचने से महाराष्ट्र के सीमावर्ती इलाकों में आना-जाना आसान होगा। इससे व्यापार, रोजगार और सामाजिक संपर्क के अवसर बढ़ेंगे। इतना ही नहीं, सीमावर्ती राज्य में रहने वाले लोगों से रिश्तेदारी और पारिवारिक संबंध बनाने में भी आसानी होगी। कभी नक्सली दहशत के कारण पहचान छिपाकर रहने वाले इस इलाके के लोगों को अब सड़क के जरिए विकास और बेहतर भविष्य की उम्मीद दिखाई देने लगी है।

ठेकेदार को दिए निर्देश

राष्ट्रीय राजमार्ग कोण्डागांव संभाग के एसडीओ जीएस शोरी ने बताया कि क्षेत्र के ठेकेदार को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय राजमार्ग को समय में पूरा करें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Posts