छत्तीसगढ़

घर-घर दस्तक देंगे BLO : छत्तीसगढ़ में फिर शुरू होगा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण  

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया एक बार फिर तेज होगी। अभियान के तहत जिन मतदाताओं का पहले सत्यापन नहीं हो पाया था, उनके घर-घर जाकर जानकारी जुटाने की जिम्मेदारी एक बार फिर बूथ लेवल अधिकारियों  अर्थात BLO को दी जा रही है।

19.13 लाख अनुपस्थित व स्थानांतरित मतदाताओं का सत्यापन

छत्तीसगढ़ में लगभग 19.13 लाख मतदाताओं को चिन्हित किया गया है, जो प्राथमिक सत्यापन के समय अपने पते पर मौजूद नहीं मिले थे या जिनके अन्य स्थानों पर स्थानांतरित होने की संभावना जताई गई थी। BLO अब इन मतदाताओं के दर्ज पते पर जाकर यह पुष्टि करेंगे कि वे वास्तव में वहां निवास कर रहे हैं या नहीं। इसके साथ ही मतदाता कार्ड में दर्ज अन्य प्रविष्टियों की भी मौके पर ही जांच की जाएगी।

पुरानी और नई मतदाता सूची का होगा मिलान 

इस विशेष अभियान के दौरान BLO द्वारा SIR से पहले तैयार की गई मतदाता सूची का SIR के बाद की अद्यतन सूची के साथ मिलान किया जाएगा। इस पूरी कवायद का मुख्य उद्देश्य उन सभी मतदाताओं की वास्तविक और सही स्थिति स्पष्ट करना है, जो पिछले पुनरीक्षण चरण में अनुपस्थित पाए गए थे।

24.99 लाख नाम पहले ही सूची से बाहर 

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में SIR अभियान के दौरान पहले ही मतदाता सूची का बड़े पैमाने पर शुद्धिकरण किया जा चुका है। आंकड़ों के अनुसार, अब तक लगभग 24.99 लाख अपात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा चुके हैं, जिनमें 6 लाख से अधिक मृत मतदाता शामिल थे। इसके अलावा बड़ी संख्या में अनुपस्थित, स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टि वाले नाम भी बाहर किए गए थे।

पात्र नागरिकों के नाम सुरक्षित रखना प्राथमिकता

निर्वाचन आयोग की इस पहल का मुख्य जोर यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। नए सत्यापन के जरिए जहां एक तरफ वास्तविक मतदाताओं के नाम सूची में पूरी तरह सुरक्षित रखे जाएंगे, वहीं दूसरी ओर फर्जी, अमान्य और स्थानांतरित नामों को चिन्हित कर सूची से हटाने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Related Posts