रायपुर।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में 11 से 18 नवंबर तक मनाए जा रहे जनजातीय गौरव सप्ताह पर पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए जनजातीय समाज कोई वोट बैंक नहीं बल्कि देश की आत्मा है, और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र से यह समाज विकसित भारत का मजबूत आधार बन रहा है।
भगवान बिरसा मुंडा और महान स्वाधीनता सेनानियों का स्मरण
मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध ‘उलगुलान’ (महाक्रांति) का नेतृत्व किया और ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ का नारा दिया। उन्होंने याद दिलाया कि 1857 से एक सदी पूर्व ही देश में जनजातीय वीरों ने स्वाधीनता संग्राम की नींव रख दी थी। इस दौरान उन्होंने तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, छत्तीसगढ़ के शहीद वीर नारायण सिंह, टंट्या भील, रानी दुर्गावती, अल्लूरी सीताराम राजू सहित तमाम जनजातीय महानायकों के बलिदान को नमन किया।
जनजातीय कल्याण के लिए ऐतिहासिक कदम
श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट 2014-15 के 4,497 करोड़ से बढ़कर 2025-26 में 14,926 करोड़ रुपए हो गया है।
पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से हजारों गांवों में पक्का घर, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के देश की पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति बनने और 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित किए जाने से समाज को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि दशकों तक शासन करने वालों ने जनजातीय नायकों को इतिहास में हाशिए पर रखा और समाज को केवल वोट बैंक समझा, जबकि वर्तमान सरकार उनके सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस गौरव सप्ताह के तहत देश के 239 जिलों में विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए भगवान बिरसा मुंडा और जनजातीय नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।






